Lucknow: डालीबाग में बने फ्लैटों पर 25 साल का ‘बिक्री प्रतिबंध’, किराए पर भी देने से रोक

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने डालीबाग स्थित पूर्व बाहुबली मुख्तार अंसारी की ध्वस्त की गई कोठी की जमीन पर बनाए गए गरीब आवासों की बिक्री और हस्तांतरण को रोकने के लिए एक बड़ा नीतिगत फैसला लिया है।  एलडीए ने इन आवासों के लाभार्थियों पर 25 वर्ष का प्रतिबंध लगा दिया है। इस अवधि में लाभार्थी अपने मकानों को न तो बेच सकेंगे, न ही किराए पर दे सकेंगे और न ही किसी अन्य को ट्रांसफर कर पाएंगे।

प्रतिबंध का कारण: बिचौलियों को रोकना

‘सरदार वल्लभभाई पटेल’ के नाम पर तैयार किए गए इस आवासीय प्रोजेक्ट का आवंटन पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। ये फ्लैट डालीबाग जैसे बेहद प्राइम लोकेशन पर हैं, जिससे एलडीए को आशंका थी कि कुछ लोग ऊंची कीमत पर बेचकर लाभ कमा सकते हैं।

प्राधिकरण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकार की गरीब हितैषी योजना की मूल भावना बरकरार रहे और वास्तविक जरूरतमंद परिवार बेघर न हों। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आवंटन के दौरान ही इन मकानों को केवल पात्र गरीबों के लिए सुरक्षित रखने और किसी भी तरह की खरीद-फरोख्त को रोकने का निर्देश दिया था।लाभार्थी मकान के स्वामी तो रहेंगे, लेकिन यह मकान केवल उन्हीं परिवारों के उपयोग के लिए रहेगा जिनके नाम पर यह आवंटित हुआ है।

रजिस्ट्री पर लगेगा प्रतिबंध

बिचौलियों को रोकने और प्रतिबंध लागू करने के लिए एलडीए निबंधन कार्यालय को पत्र भेजेगा। मकान की रजिस्ट्री की शर्तों में भी इस 25 वर्षीय प्रतिबंध का स्पष्ट रूप से उल्लेख किया जाएगा।

Also Read: दिल्ली ब्लास्ट के बीच हापुड़ में हड़कंप: 38 किलो हाइड्रोफ्लोरिक एसिड और 2.5 किलो गंधक के साथ 3 गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.