Lucknow News: SGPGI के 30वें दीक्षांत समारोह में 279 छात्रों को मिलेंगी डिग्रियां, पहली बार मिलेगा ‘गवर्नर गोल्ड मेडल’
Lucknow News: संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई लखनऊ) 14 जुलाई 2026 को अपना 30वां दीक्षांत समारोह आयोजित करेगा।
इस अवसर पर सुपर-स्पेशियलिटी चिकित्सा शिक्षा, शोध और स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और फैकल्टी सदस्यों को 279 डिग्रियां तथा 13 प्रतिष्ठित संस्थागत पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा होंगे, जबकि उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं संस्थान की कुलाध्यक्ष आनंदीबेन पटेल इसकी अध्यक्षता करेंगी।
279 विद्यार्थियों को मिलेंगी डिग्रियां
एसजीपीजीआई के निदेशक पद्मश्री प्रो. राधा के. धीमन ने बताया कि इस वर्ष कुल 279 डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 8 पीएचडी, 49 डीएम, 24 एमसीएच, 48 पीडीसीसी, 6 पीडीएएफ, 41 एमडी, 2 एमएस, 15 एमएससी (टेक्निकल), 50 बीएससी नर्सिंग, 30 बीएससी (टेक्निकल) और 6 मास्टर ऑफ हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन (एमएचए) की डिग्रियां शामिल हैं।
पहली बार मिलेगा ‘गवर्नर गोल्ड मेडल’
इस वर्ष दीक्षांत समारोह की सबसे खास बात यह होगी कि पहली बार ‘गवर्नर गोल्ड मेडल फॉर बेस्ट फैकल्टी’ प्रदान किया जाएगा।
वर्ष 2025-26 के लिए यह सम्मान नेफ्रोलॉजी विभाग के प्रो. एवं विभागाध्यक्ष प्रो. नारायण प्रसाद को चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, मरीजों की उत्कृष्ट देखभाल और संस्थान के विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाएगा।
समारोह के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल छात्रों की डिग्रियों को डिजीलॉकर से जोड़ने की प्रक्रिया का शुभारंभ करेंगी। इससे विद्यार्थियों को अपनी डिग्रियां सुरक्षित और डिजिटल स्वरूप में उपलब्ध हो सकेंगी।
कई प्रतिष्ठित पुरस्कार भी होंगे प्रदान
समारोह में ‘प्रो. एस.आर. नाइक अवॉर्ड’ संयुक्त रूप से प्रो. चिन्मय साहू और डॉ. आलोक कुमार को दिया जाएगा। वहीं ‘प्रो. एस.एस. अग्रवाल अवॉर्ड’ डॉ. अभिषेक शुक्ला और खुशी शुक्ला को प्रदान किया जाएगा।
सुपर-स्पेशियलिटी छात्रों में डॉ. आदर्श को सर्वश्रेष्ठ डीएम छात्र और डॉ. सम्प्रति दरिया को सर्वश्रेष्ठ एमसीएच छात्र का सम्मान मिलेगा। इसके अलावा नर्सिंग, शोध और शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए भी कई गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे।
डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे
दीक्षांत समारोह में एसजीपीजीआई के फैकल्टी सदस्यों द्वारा लिखित दो चिकित्सा प्रकाशनों का विमोचन किया जाएगा। साथ ही संस्थान की उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष लघु डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन होगा।
सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत राज्यपाल बहराइच जिले के एचपीवी टीकाकरण प्रमाण-पत्र, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को उपयोगी किट तथा प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को पाठ्यपुस्तकें वितरित करेंगी।
वहीं, एसजीपीजीआई द्वारा गोद लिए गए गांवों के स्कूली बच्चे पर्यावरण संरक्षण और देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी देंगे।

