Lucknow News: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मांगी 30 लाख की रंगदारी, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
Sandesh Wahak Digital Desk: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन अंतर्गत थाना सरोजनीनगर पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी भरा पत्र देकर 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी, हेलमेट और शॉल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 30 जनवरी 2026 को रोहित रेजीडेंसी, विकल्प खंड निवासी गौरव बतरा ने थाना सरोजनीनगर में तहरीर दी थी।
उन्होंने बताया कि हिन्दनगर ट्रांसपोर्ट नगर स्थित उनके दवा गोदाम करुण इंटरप्राइजेज में तैनात गार्ड को एक लिफाफा मिला था।
लिफाफे में मौजूद पत्र में 15 दिनों के भीतर 30 लाख रुपये न देने पर उन्हें और उनके कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी गई थी। पत्र के नीचे “बिश्नोई गैंग उ0प्र0 पूर्वी” लिखा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार टीमें गठित कीं और घटनास्थल के आसपास लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के आधार पर पुलिस ने अभियुक्त उमेश कुमार यादव (38 वर्ष), निवासी बलिया, हाल पता बिजनौर लखनऊ, को रहीमाबाद रोड से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह पहले करुण इंटरप्राइजेज में काम करता था। सेटलमेंट का पैसा न मिलने और बैंक लोन की किस्तें न चुका पाने के कारण उसने यह साजिश रची।
फिल्मों और वेब सीरीज से प्रेरित होकर उसने बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी भरा पत्र खुद लिखा और स्कूटी से गोदाम पहुंचकर गार्ड को लिफाफा देकर फरार हो गया।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना सरोजनीनगर में मु0अ0सं0 52/2026 धारा 308(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अभियुक्त को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी:
-
एक स्कूटी (UP32PE8629)
-
एक शॉल
-
एक हेलमेट
गिरफ्तारी करने वाली टीम:
थाना सरोजनीनगर पुलिस टीम, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ
Also Read: बिजनौर में ‘फर्जी’ IB डिप्टी डायरेक्टर गिरफ्तार, NSA का नकली कार्ड दिखाकर करता था वसूली

