लखनऊ में 32 करोड़ की संदिग्ध मॉर्फिन बरामद, पिस्टल और कारतूस के साथ दो गिरफ्तार

Lucknow News: लखनऊ में नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एएनटीएफ और दुबग्गा पुलिस की संयुक्त टीम ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 6.400 किलो संदिग्ध मॉर्फिन बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 32 करोड़ रुपये बताई गई है। मौके से एक पिस्टल और छह कारतूस भी मिले हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाराबंकी जिले के कुर्सी थाना क्षेत्र के मोहसंद टिकैतगंज गांव निवासी जुहैल (25) और अमजद (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से नकदी, मोबाइल फोन और दो वाहन भी बरामद किए हैं।

महिपत मऊ गांव में देर रात छापेमारी

एसीपी बीनू सिंह के मुताबिक, एएनटीएफ की लखनऊ यूनिट और दुबग्गा पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात करीब 11 बजे कार्रवाई की। छापेमारी दुबग्गा थाना क्षेत्र के महिपत मऊ गांव में की गई। यह इलाका अंधे की चौकी के अंतर्गत आता है। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 16,170 रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, एक स्कूटी और एक हुंडई वेन्यू कार बरामद की है। इसके अलावा एक पिस्टल और छह कारतूस भी मिले हैं। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सूखे पाउडर और गीले पदार्थ के रूप में मिली मॉर्फिन

पुलिस के अनुसार, बरामद संदिग्ध पदार्थ का कुल वजन 6.400 किलो है। इसमें 3.600 किलो सूखा पाउडर और 2.800 किलो गीला पदार्थ शामिल है। गीला पदार्थ पिंडी के आकार में मिला। मौके से केमिकल और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।

पुलिस ने पूरे सामान को जब्त कर लिया है। बरामद पदार्थ की कीमत करीब 32 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: लखनऊ में दीपावली से पहले चालू होंगे 3 नए बिजली उपकेंद्र, डेढ़ लाख लोगों को मिलेगी राहत 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.