लखनऊ में 3500 कांवड़ियों का प्रदर्शन, बुद्धेश्वर महादेव के शिवलिंग से चांदी हटाने की मांग
Lucknow News: लखनऊ में सावन के तीसरे बुधवार को करीब 3,500 कांवड़ियों के प्रदर्शन से मोहन रोड पर यातायात प्रभावित हो गया। वैदेही सेना के नेतृत्व में पहुंचे कांवड़ियों ने बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में शिवलिंग पर लगी चांदी हटाकर मूल शिवलिंग के दर्शन कराने की मांग की। प्रदर्शन के कारण सड़क पर करीब 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
कांवड़ियों का कहना है कि वे बिठूर के गंगा तट से गंगाजल लेकर आए हैं। वे मूल शिवलिंग के दर्शन के बाद ही उससे जलाभिषेक करना चाहते हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘कांवड़ियों का यही अनुरोध, शिवलिंग खोलो बिना विरोध’ जैसे नारे लगाए।
तीन थानों की फोर्स पहुंची
मामले की जानकारी मिलते ही एसीपी काकोरी शकील अहमद समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को संभालने की कोशिश की। फिलहाल अधिकारियों की मौजूदगी में हालात नियंत्रित करने का प्रयास जारी है।
वैदेही सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनमोल द्विवेदी ने बताया कि संगठन रविवार को करीब 3,500 कांवड़ियों के साथ बुद्धेश्वर महादेव मंदिर से बिठूर के लिए रवाना हुआ था। वहां से गंगाजल लेकर बुधवार को सभी वापस लौटे।
लंबे समय से मांग का दावा
अनमोल द्विवेदी के मुताबिक, शिवलिंग के ऊपर कई वर्षों से चांदी चढ़ी हुई है। संगठन का दावा है कि श्रद्धालु लंबे समय से मूल शिवलिंग के दर्शन और सीधे गंगाजल चढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह मांग किसी विवाद को बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को मूल शिवलिंग के दर्शन और अभिषेक का अवसर देने के लिए है।
इस बीच सावन के तीसरे बुधवार को मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही और ‘हर-हर शंभू’ के जयकारे गूंजते रहे।
Also Read: ‘बाबा जी, मेरी जवानी के बारे में सपने मत देखो’, रामदेव पर भड़कीं कंगना

