लखनऊ: 49 लाख के ‘चाइनीज’ ऑक्सीटोसिन रैकेट का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, कई जिलों में था फैला नेटवर्क
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में पशुओं के इस्तेमाल के लिए बनाए जा रहे लाखों रुपये मूल्य के मिलावटी ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। रविवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) और एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम ने लखनऊ के गोमतीनगर में छापेमारी कर ₹48.56 लाख कीमत का अवैध ऑक्सीटोसिन और कच्चा माल बरामद किया।

चीन निर्मित पाउडर से तैयार हो रहा था ज़हर
उजरियाव गांव स्थित विजय खंड-1 के एक किराए के मकान में यह अवैध कारोबार चल रहा था। टीम ने मौके से दो आरोपियों त्रिवेणीनगर के कयूम अली और डालीगंज के मोहम्मद इब्राहिम को गिरफ्तार किया है।
सहायक मंडल आयुक्त ड्रग ब्रजेश ने बताया कि आरोपी गाज़ियाबाद के लोनी से चीन में निर्मित ऑक्सीटोसिन पाउडर मंगवाते थे। यह कच्चा पाउडर ₹25,000 में 10 ग्राम मिलता था, जिससे एक लाख से अधिक इंजेक्शन तैयार किए जाते थे। इस पाउडर में सिरका, फिनाइल और नमक जैसी सस्ती चीजें मिलाकर मिलावटी इंजेक्शन तैयार किए जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि यह इंजेक्शन मुख्य रूप से जानवरों (खासकर डेयरी पशुओं) के लिए तैयार किया जाता था, क्योंकि इसकी मांग डेयरी संचालकों में बहुत अधिक है।
| व्यापारिक विवरण | कीमत |
| थोक खरीद (100 मिलीलीटर) | 20रुपये |
| मिलावट के बाद बिक्री | 80रुपये |
| फुटकर बिक्री (डेयरी/किसान को) | 200रुपये |
ड्रग इंस्पेक्टर संदेश मौर्य ने बताया कि इन मिलावटी इंजेक्शनों की आपूर्ति लखनऊ के साथ-साथ सीतापुर, बाराबंकी, हरदोई, बलरामपुर, बहराइच, उन्नाव, अयोध्या और कानपुर समेत आसपास के कई ज़िलों में हो रही थी।
स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा
ऑक्सीटोसिन का इस्तेमाल पशुओं में दूध उत्पादन बढ़ाने और सब्जियों-फलों का आकार बढ़ाने के लिए किया जाता है, जबकि जानवरों पर इसका प्रयोग प्रतिबंधित है।
विशेषज्ञों के अनुसार, ऑक्सीटोसिन युक्त दूध या सब्ज़ियों का सेवन आम आदमी की सेहत के लिए बेहद खतरनाक है। यह मानव हार्मोन को प्रभावित करता है। पेट संबंधी दिक्कतें और तनाव/चिड़चिड़ापन पैदा करता है। एलर्जी और यहाँ तक कि बांझपन की समस्या का कारण भी बन सकता है।
बरामद सामान
टीम ने मौके से निम्न सामग्री बरामद की:
- 1018 शीशी ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन
- 16,500 खाली शीशियां
- 27 लीटर सिरका
- 70 लीटर फिनाइल
- नमक, सिलर मशीन और गैलन
Also Read: बिहार के दानापुर में दर्दनाक हादसा: इंदिरा आवास की जर्जर छत ढही, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

