Lucknow: कर्ज से परेशान कारोबारी ने परिवार सहित दी जान, फ्लैट में मिले तीन शव
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चौक कोतवाली क्षेत्र के अशरफाबाद में सोमवार सुबह एक कपड़ा कारोबारी, उनकी पत्नी और बेटी के शव उनके फ्लैट में मिले। तीनों के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है। पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें कर्ज से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात लिखी गई है।
मृतकों की पहचान कपड़ा कारोबारी शोभित (48), उनकी पत्नी सुचिता (45) और बेटी ख्याति (16) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शोभित राजाजीपुरम में कपड़े की दुकान चलाते थे और काफी समय से कर्ज से जूझ रहे थे।
रविवार रात की यह घटना सोमवार सुबह तब सामने आई जब घरवालों को इसकी जानकारी हुई। तीनों के शव देख घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।
Also Read: Lucknow News: हत्या के प्रयास समेत 35 से ज्यादा मामलों में वांछित गैंगस्टर शक्ति सिंह…

