Lucknow: सिविल अस्पताल की टंकी पर चढ़ा शख्स, आत्मदाह की दी धमकी, सामने आई ये वजह

Sandesh Wahak Digital Desk: सीतापुर जिले के लहरपुर स्थित बहटी कस्बे के एक मंदिर के पुजारी ने लखनऊ के सिविल अस्पताल परिसर में बनी पानी की टंकी पर चढ़कर आत्मदाह की धमकी दी, जिससे हड़कंप मच गया। पुजारी, रमाशंकर तिवारी, अपनी बहन रागिनी पांडेय के साथ लखनऊ पहुंचे थे। वे सीतापुर में अपनी शिकायत पर कोई कार्रवाई न होने से आहत थे।

क्या है पूरा मामला?

रमाशंकर तिवारी बहटी कस्बे में स्थित प्राचीन पंचमुखी बड़ा शिवाला मंदिर के पुजारी हैं। उनका आरोप है कि गांव के ही एक दबंग विशाल कपूर ने मंदिर की जमीन को धोखाधड़ी से बेच दिया है। पुजारी का कहना है कि उन्होंने इस मामले को लेकर जिला प्रशासन से कई बार गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे आहत होकर उन्होंने लखनऊ का रुख किया।

लखनऊ में CM दरबार और टंकी पर चढ़ने की घटना

न्याय न मिलने से निराश रमाशंकर तिवारी अपनी बहन के साथ लखनऊ में मुख्यमंत्री (CM) के जनता दरबार पहुंचे थे, ताकि वे अपनी फरियाद सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचा सकें। हालांकि, मुख्यमंत्री से मुलाकात न होने पर उन्होंने विरोध स्वरूप सिविल अस्पताल परिसर में बनी पानी की टंकी पर चढ़कर आत्मदाह करने की धमकी दी। पुजारी ने विशाल कपूर पर जमीन फर्जीवाड़ा कर बेचने और खुद को जान का खतरा बताते हुए प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग की है।

पुलिस और दमकलकर्मियों ने समझाया

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय हजरतगंज पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक पुजारी को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर नीचे उतारा। यह घटना हजरतगंज के सिविल अस्पताल परिसर में हुई।

Also Read: इटावा कांड पर यूपी में गरमाई सियासत, अखिलेश यादव की चेतावनी पर मंत्री कपिल देव का पलटवार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.