लखनऊ: 30 हज़ार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ दरोगा गिरफ्तार, अमेठी थाने में तैनात था आरोपी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार दोपहर अमेठी के संग्रामपुर थाने में तैनात एक दरोगा को ₹30,000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में स्थित फिनिक्स प्लासियो मॉल के गेट नंबर सात के पास हुई।

रिश्वत का कारण और घटनाक्रम

गिरफ्तार दरोगा की पहचान कर्मवीर सिंह (निवासी मानिकपुर, मिश्रिख, सीतापुर) के रूप में हुई है। वह अमेठी के संग्रामपुर थाने में तैनात था, लेकिन घूस का मामला उसके पिछले तैनाती स्थल से जुड़ा है।

दरोगा कर्मवीर पहले कमरौली थाने में तैनात थे। उस दौरान भेल निवासी व्यवसायी गंगाराम का पेट्रोल पंप की जमीन को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिस पर व्यवसायी ने मुकदमा दर्ज कराया था।

दोनों पक्षों के समझौते के बाद, दरोगा कर्मवीर व्यवसायी से मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट (FR) लगाने के नाम पर ₹30,000 की मांग कर रहे थे। कमरौली थाने से तबादला होने के बाद भी दरोगा लगातार फोन पर रुपयों की मांग कर रहे थे और इनकार करने पर धमकी देते थे।

व्यवसायी गंगाराम ने ऑडियो रिकॉर्डिंग के साथ एंटी करप्शन मुख्यालय में इसकी शिकायत की। शिकायत के आधार पर ट्रैप टीम गठित की गई। गुरुवार को ट्रैप टीम व्यवसायी को लेकर तय स्थान पर पहुंची, जहां व्यवसायी ने दरोगा को घूस के ₹30,000 दिए। पैसा लेते ही ट्रैप टीम ने दरोगा कर्मवीर सिंह को रंगेहाथ दबोच लिया।

कानूनी कार्रवाई

ट्रैप टीम के दरोगा त्रिभुवन प्रसाद वर्मा की तहरीर पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में आरोपी दरोगा कर्मवीर सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Also Read: पुणे में भीषण सड़क हादसा, ब्रेक फेल होने से ट्रक की 6 गाड़ियों से टक्कर, 8 लोग जिंदा जले

Get real time updates directly on you device, subscribe now.