Lucknow News: ड्यूटी पर तैनात सिपाही की हार्ट अटैक से मौत, खुद बाइक चलाकर पहुंचा था अस्पताल
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में मंगलवार को एक दुखद घटना में डायल 112 में तैनात एक सिपाही की हार्ट अटैक से मौत हो गई। सिपाही का नाम दीपक कुमार था, जो माल-रहीमाबाद थाने में तैनात थे। सुबह सीने में दर्द होने पर वह खुद बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
दर्द को समझा गैस, अस्पताल पहुंचते ही गई जान
घटना मंगलवार सुबह 6-7 बजे के बीच की है। दीपक कुमार को सुबह अचानक सीने में तेज दर्द हुआ, जिसे उन्होंने गैस का दर्द समझा। जब दर्द कम नहीं हुआ, तो वह अपनी बाइक से पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचे। वहां डॉक्टर ने उन्हें इलाज दिया, लेकिन सिर्फ 10 मिनट बाद ही उनकी मौत हो गई।
साथी पुलिसकर्मियों के मुताबिक, दीपक को पहले कभी ऐसी कोई स्वास्थ्य समस्या नहीं थी। जब वह अकेले अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टर ने उनसे किसी परिजन या साथी को बुलाने के लिए कहा। इस पर दीपक ने कहा सुबह-सुबह कौन आएगा? आप दवा दे दीजिए। अगले कुछ ही मिनटों में उनकी सांसें थम गईं।
पुलिस ने परिजनों को दी जानकारी, जांच शुरू
दीपक कुमार की मौत की खबर मिलते ही सहायक पुलिस आयुक्त सुजीत कुमार दुबे, इंस्पेक्टर नवाब अहमद और डायल-112 प्रभारी धर्मेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिवार को घटना की जानकारी दे दी है। दीपक मूल रूप से आगरा के रहने वाले थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी मौत का सही कारण पता चल पाएगा।
Also Read: Hapur News: 50 हजार की रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से मचा हड़कंप

