लखनऊ: डीएम आवास के पास कार में युवक ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अति-सुरक्षित हजरतगंज इलाके में जिलाधिकारी (DM) आवास के पास एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक 38 वर्षीय युवक ने अपनी कार के अंदर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ईशान गर्ग (38 वर्ष) पुत्र पराग गर्ग, निवासी राजाजीपुरम, लखनऊ के रुप में हुई है। यह घटना 25 अक्टूबर की रात करीब 11:40 बजे की बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस के साथ डीसीपी सेंट्रल, एडीसीपी सेंट्रल, एसीपी हजरतगंज और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुँची। जांच में पाया गया कि कार स्टार्ट हालत में सड़क किनारे खड़ी थी और ड्राइविंग सीट पर बैठे ईशान गर्ग ने अपनी वैध रिवॉल्वर से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या की थी।

बरामदगी और जांच

  • एक रिवॉल्वर (वैध लाइसेंस मृतक के पर्स से मिला)।
  • एक खाली खोखा कारतूस।
  • नौ जिंदा कारतूस।
  • एक पन्नी में रखे चार अतिरिक्त जिंदा कारतूस।

प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दी गई है। हालांकि, आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता चल सके कि युवक कब से वहां मौजूद था और क्या कोई अन्य व्यक्ति उसके साथ था।

Also Read: मऊ भाजपा में खुली गुटबाजी, वर्तमान और पूर्व जिलाध्यक्ष में जमकर कहासुनी, वीडियो वायरल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.