लखनऊ: दुष्कर्म और आत्महत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार, सुसाइड नोट में बयां किया था खौफनाक दर्द

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ हुए दुष्कर्म और उसके बाद पीड़िता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी श्याम सिंह को दबोच लिया है। आरोपी पर नाबालिग के साथ जबरदस्ती करने और उसे मौत की ओर धकेलने के गंभीर आरोप हैं।

सुसाइड नोट ने खोला राज

इस दुखद घटना की शुरुआत 1 जनवरी 2026 को हुई, जब एक पिता ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी नाबालिग बेटी ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। पुलिस को तलाशी के दौरान पीड़िता का एक सुसाइड नोट मिला, जिसने सबको झकझोर कर रख दिया। नोट में लड़की ने अपनी आपबीती बताते हुए श्याम सिंह नाम के युवक पर जबरदस्ती दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था और इसी सदमे में आकर उसने जान देने की बात लिखी थी।

हरदोई का रहने वाला है आरोपी

पीड़िता के पिता की तहरीर और सुसाइड नोट के आधार पर पारा पुलिस ने तत्काल BNS और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी।

बुधवार, 7 जनवरी को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने 27 वर्षीय आरोपी श्याम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। श्याम सिंह मूल रूप से हरदोई जिले के बिलग्राम थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

पुलिस टीम की तत्परता

प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह के नेतृत्व में उप-निरीक्षक गौरव सिंह और उनकी टीम ने इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए जा रहे हैं ताकि उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके। फिलहाल उसे जेल भेजने की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: Lucknow: डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल, बोले- कोई भी गरीब ठिठुरने को मजबूर न हो

Get real time updates directly on you device, subscribe now.