लखनऊ में मुंहबोले चाचा ने सोते समय भतीजे पर फेंका तेजाब, एक आंख की रोशनी गई
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तेजाब से हमले का गंभीर मामला सामने आया है। रहीमाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक युवक पर उसके मुंहबोले चाचा ने तेजाब फेंक दिया। हमले में युवक के शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए। उसकी एक आंख की रोशनी भी चली गई है। गंभीर हालत में उसे किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पीड़ित के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। साथ ही, हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
मुंहबोले चाचा के घर सो रहा था युवक
यह मामला रहीमाबाद थाना क्षेत्र के संत नगर का है। पीड़ित मनीष के पिता मुनेश्वर के मुताबिक, उनका बेटा पड़ोस में रहने वाले राजन को मुंहबोला चाचा मानता था। दोनों के बीच अच्छे संबंध थे। वे मुंडन, शादी और बारात जैसे कार्यक्रमों में साथ मिलकर कैटरिंग का काम करते थे। नजदीकी संबंधों के कारण मनीष अक्सर राजन के घर पर ही रुक जाता था।
मुनेश्वर ने बताया कि गुरुवार देर रात मनीष राजन के घर के एक कमरे में सो रहा था। इसी दौरान राजन और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। मनीष ने बीच में पड़कर दोनों को समझाने की कोशिश की। इसके बाद विवाद शांत हो गया और मनीष चादर ओढ़कर सो गया।
सोते समय युवक पर डाला तेजाब, शरीर पर हुए गहरे घाव
आरोप है कि विवाद शांत होने के कुछ देर बाद राजन तेजाब से भरा डिब्बा लेकर कमरे में पहुंचा और सो रहे मनीष पर तेजाब डालने लगा। मनीष की आंख खुली तो उसे लगा कि उसके ऊपर पानी छिड़का जा रहा है। हालांकि, कुछ ही देर में उसके शरीर पर घाव होने लगे।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने रहीमाबाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मनीष को मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे KGMU ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, तेजाब से मनीष के शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं। उसके प्राइवेट पार्ट पर भी गहरे घाव हुए हैं। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसकी एक आंख की रोशनी जाने की जानकारी दी।
पिता की तहरीर पर केस दर्ज, हमले की वजह तलाश रही पुलिस
मनीष के पिता बाराती ने आरोपी राजन के खिलाफ रहीमाबाद थाने में तहरीर दी। रहीमाबाद के इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाश की जा रही है। मनीष पर तेजाब फेंकने के पीछे क्या वजह थी, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल घायल युवक का KGMU ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Also Read: मेरठ सांप कांड में रविता और अमरदीप को फांसी की सजा, पति की हत्या में दोषी करार

