Lucknow News: निगम आयुक्त ने सुनी निवासियों की समस्याएँ, अहाना एन्क्लेव में मेंटेनेंस और लिफ्ट सुधारने के सख्त निर्देश
Lucknow News: नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बुधवार को अहाना एन्क्लेव का औचक निरीक्षण किया और वहाँ रहने वाले नागरिकों की समस्याओं का सीधे ज़मीनी स्तर पर आकलन किया। इस दौरान उन्होंने एन्क्लेव के विभिन्न ब्लॉकों में जाकर निवासियों से बातचीत की और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना। निरीक्षण के समय अपर नगर आयुक्त ललित कुमार सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उनके साथ मौजूद थे।
स्थानीय निवासियों ने नगर आयुक्त को एन्क्लेव की मेंटेनेंस से जुड़ी कई लंबित समस्याओं से अवगत कराया। इसमें लिफ्टों की खराब स्थिति और उनका नियमित रखरखाव न होना। फ्लैट्स की नियमित सफाई व्यवस्था का अभाव। स्ट्रीट लाइटों में सुधार की आवश्यकता और पार्क में अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था। वाटर बॉडी और कम्युनिटी सेंटर के निर्माण कार्य का अधूरा होना। पार्किंग की अव्यवस्था जैसी प्रमुख समस्याएं थीं।

लोगों की शिकायतें सुनने के बाद नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मौके पर मौजूद मेंटेनेंस वेंडर को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि सफाई और रखरखाव के कार्यों में तत्काल सुधार लाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम नागरिकों को बेहतर सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है, इसलिए वेंडर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करें। लिफ्टों की खराब स्थिति को देखते हुए उन्होंने सभी ब्लॉकों में लगी लिफ्टों की एएमसी (वार्षिक रखरखाव अनुबंध) जल्द से जल्द कराने के निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

नगर आयुक्त ने पानी की आपूर्ति को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने 24 घंटे पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने वाले ऑटोमेशन सिस्टम के रखरखाव को प्राथमिकता देने को कहा। जिन ब्लॉकों में यह सिस्टम अब तक स्थापित नहीं हुआ है, वहाँ इसे जल्द से जल्द लगाने के आदेश दिए गए। इसके अलावा, उन्होंने निर्माणाधीन वाटर बॉडी और कम्युनिटी सेंटर के कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

