लखनऊ: बिजली लाइन पर जान गंवाने वाले संविदा कर्मी के घर पहुंचे अजय राय, सरकार से की मांग
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के गुडम्बा थाना क्षेत्र के ग्राम तरैना में आज माहौल बेहद गमगीन था। 28 फरवरी को 83 केवी विद्युत लाइन पर काम करते समय करंट की चपेट में आने से संविदा कर्मी परशुराम (पुत्र स्व. हनुमान) की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय सोमवार को मृतक के आवास पहुंचे।
‘परिवार का इकलौता सहारा चला गया’
मृतक के परिजनों से मुलाकात के दौरान अजय राय काफी भावुक नजर आए। उन्होंने परिवार की माली हालत का जायजा लिया और सांत्वना देते हुए कहा “स्व. परशुराम जी एक अत्यंत गरीब परिवार से थे। उनके पीछे उनकी तीन बेटियां और परिवार है। इस घर में वे अकेले कमाने वाले सदस्य थे, उनके जाने से परिवार के सामने आजीविका का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। बेटियों के भविष्य और पालन-पोषण को लेकर परिवार बेहद चिंतित है।”
अजय राय ने प्रदेश सरकार और बिजली विभाग को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विद्युत दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और संविदा कर्मियों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक मदद का ऐलान करे और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए ताकि घर का चूल्हा जल सके।
MD मध्यांचल को लिखा पत्र: 25 लाख के मुआवजे की मांग
अजय राय के निर्देश पर आज जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह ने भी मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने मध्यांचल विद्युत वितरण खंड के प्रबंध निदेशक (MD) को एक कड़ा पत्र लिखकर दबाव बनाया है। कांग्रेस ने मांग की है कि मृतक के आश्रितों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तुरंत प्रदान की जाए। परिवार के एक योग्य सदस्य को विभाग में सरकारी नौकरी दी जाए।
सुरक्षा पर उठे सवाल
गुडम्बा की इस घटना ने एक बार फिर बिजली विभाग में संविदा पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा और जर्जर लाइनों के रखरखाव पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों में भी विभाग की लापरवाही को लेकर खासा रोष व्याप्त है।
Also Read: खामेनेई की हत्या पर पुराने लखनऊ पहुंचे अजय राय, मौलाना कल्बे जव्वाद से की मुलाकात

