लखनऊ: अखिलेश यादव ने देखी देशभक्ति फिल्म, ‘120 बहादुर’ से साधा सियासी समीकरण!
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव बुधवार को लखनऊ के प्लासियो मॉल में अभिनेता फरहान अख्तर और अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद के साथ चीन-भारत युद्ध पर आधारित फिल्म ‘120 बहादुर’ देखने पहुंचे। फिल्म देखने के बाद अखिलेश यादव ने राजनीतिक और चुनावी मुद्दों पर तीखे बयान दिए।
‘अहीर रेजिमेंट’ और जातीय समीकरण
फिल्म ‘120 बहादुर’ में परमवीर चक्र सम्मानित मेजर शैतान सिंह की भूमिका फरहान अख्तर ने निभाई है, जो अहीर समुदाय की बहादुरी और इतिहास को दर्शाती है। अखिलेश यादव ने इसे वोट बैंक से जोड़ते हुए अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि “जब मैं अहीर रेजिमेंट की मांग करता हूं, तो गुजरात, हरियाणा और राजस्थान के अहीर मेरा पुतला जलाते हैं। जबकि सपा पहली ऐसी पार्टी है जिसने अहीर रेजिमेंट के अलावा सभी जातियों की रेजिमेंट बनाने की मांग की है।”
उन्होंने भारत-चीन सीमा विवाद पर सरकार को घेरते हुए कहा कि ‘120 बहादुर अहीर जवानों ने अपनी जमीन बचाने के लिए जान की बाजी लगा दी, लेकिन इस सरकार में हमारे देश का क्षेत्रफल कम हो रहा है। भारत सरकार को बताना चाहिए कि चीन ने कितनी जमीन पर कब्जा किया है।’
‘वोट काटने की साजिश’ और SIR पर हमला
सपा प्रमुख ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। “यूपी में भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर 3 करोड़ वोट काटने की साजिश कर रहे हैं।”
उन्होंने SIR के भारी कार्यभार को लेकर गोंडा में एक यादव बिरादरी और इससे पहले एक कोरी बिरादरी के शिक्षक की मौत का मुद्दा उठाया। “सरकार अधिकारियों-कर्मचारियों पर दबाव बना रही है। BLO पर बहुत ज्यादा दबाव है, वे खुद ही फॉर्म भर रहे हैं। SIR का समय बढ़ाया जाना चाहिए।”
उन्होंने भाजपा पर संविधान दिवस मनाने और ‘वोट का अधिकार खत्म करने’ का प्रयास करने का आरोप लगाया और कहा कि जिस तरह 120 बहादुर जवानों ने जान दी, हमें भी संविधान बचाना चाहिए।
अन्य राजनीतिक हमले
सीएम योगी ने डिटेंशन सेंटर बनाने पर सरकार को घेरा और कहा कि ‘सरकार रोहिंग्या-बांग्लादेशियों को डिटेंशन सेंटर में भेजेगी, लेकिन 2027 में जनता बीजेपी को डिटेंशन सेंटर में भेज देगी।’ उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने ₹10,000 करोड़ से ज्यादा अपने जानने वाले उद्योगपतियों को लोन बांट दिया है, जो जनता का पैसा है।
Also Read: यूपी के परिषदीय स्कूलों की अर्धवार्षिक परीक्षाएं टलीं, अब इस तारीख को होंगे एग्जाम

