Lucknow News: अखिलेश यादव के भाई के साथ करोड़ों की धोखाधड़ी, पॉक्सो एक्ट में फंसाने की धमकी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव ने लखनऊ पुलिस में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। प्रतीक ने आरोप लगाया है कि चिनहट निवासी कृष्णानंद पांडेय नाम के एक व्यक्ति ने उन्हें रियल एस्टेट कारोबार में निवेश के नाम पर 4 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का शिकार बनाया है। यही नहीं, जब उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा, तो उन्हें पॉक्सो एक्ट में फंसाने धमकियां भी दी गईं।

निवेश के नाम पर लिया पैसा, अब दे रहा धमकी

गौतमपल्ली थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, प्रतीक यादव का कहना है कि साल 2011-12 में उनकी मुलाकात कृष्णानंद पांडेय से हुई थी। कारोबारी पांडेय ने लखनऊ के विस्तार और जमीन की बढ़ती कीमतों का हवाला देते हुए उन्हें निवेश के लिए प्रेरित किया। इसके बाद 2015 में एक रियल एस्टेट कंपनी बनाई गई, जिसमें प्रतीक प्रमोटर के रूप में शामिल हुए, जबकि कृष्णानंद पांडेय और यूएस बिष्ट को निदेशक बनाया गया।

कंपनी बनी, पैसा लगा, लेकिन फिर…

प्रतीक यादव ने बताया कि उन्होंने कंपनी में बड़ी रकम निवेश की, लेकिन जब उन्होंने अपनी पूंजी वापस मांगनी शुरू की, तो कृष्णानंद ने लगातार टालमटोल करना शुरू कर दिया। बाद में बात बढ़ी तो उन्हें गंभीर धमकियां भी मिलने लगीं।

फंसाने और वीडियो वायरल करने की धमकी

प्रतीक का आरोप है कि जब उन्होंने सख्ती से रकम की मांग की, तो आरोपी ने उन्हें पॉक्सो एक्ट में फंसाने और फर्जी वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, इस पूरे मामले को रफा-दफा करने के एवज में 5 करोड़ रुपये की रंगदारी भी मांगी गई।

कानूनी कार्रवाई शुरू

गौतमपल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोप गंभीर हैं और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल कृष्णानंद पांडेय से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।

 

Also Read: Lucknow News: FIR के खिलाफ पार्षदों का प्रदर्शन, नगर आयुक्त पर लगाए गंभीर आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.