Lucknow: आज से बंद हुआ अमौसी एयरपोर्ट, आवाजाही पर लगी रोक, जानिए कब-कब चलेंगी फ्लाइट्स
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रनवे के आधुनिकीकरण और मरम्मत का कार्य किया जाएगा। इस कारण 1 मार्च से 15 जुलाई तक उड़ानों के संचालन में आंशिक रूप से रोक लगाई गई है। इस अवधि में प्रतिदिन 80 से अधिक उड़ानें प्रभावित होंगी, जिससे करीब 20 हजार यात्रियों को असुविधा हो सकती है। इन यात्रियों के टिकट के पैसे लौटाए जाएंगे।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से मिली मंजूरी के अनुसार, 1 मार्च से रनवे सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान विमानों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी जाएगी। हालांकि, सुबह 10 बजे से पहले और शाम 6 बजे के बाद उड़ानों का संचालन जारी रहेगा।
रनवे और टैक्सी-वे का होगा आधुनिकीकरण
एयरपोर्ट प्रवक्ता के अनुसार, इस अवधि में रनवे की सतह को फिर से बनाया जाएगा और उसके प्रोफाइल को सही किया जाएगा। एयर फील्ड ग्राउंड लाइटिंग को हैलोजन से एलईडी में अपग्रेड किया जाएगा। साथ ही, रनवे की क्षमता बढ़ाने के लिए पूरी लंबाई का नया समानांतर टैक्सी-वे बनाया जाएगा। लैंडिंग और टेकऑफ को सुगम बनाने के लिए नया लिंक टैक्सी-वे भी तैयार किया जाएगा।
रनवे की मरम्मत के तहत 2,744 मीटर लंबे और 45 मीटर चौड़े रनवे के दोनों ओर 7.5 मीटर अतिरिक्त शोल्डर की मरम्मत की जाएगी। वर्ष 2018 में इस पर रिकार्पेटिंग की गई थी, जिसे अब हटाकर नियामक मानकों के अनुसार नई डामर परत चढ़ाई जाएगी। रनवे और टैक्सी-वे सहित कुल 1.80 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में पुनर्निर्माण कार्य किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि मरम्मत के दौरान प्रतिदिन 132 उड़ानों का संचालन किया जाएगा, लेकिन दिन में संचालित होने वाली उड़ानों के समय में परिवर्तन किया जाएगा।एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी उड़ानों से संबंधित किसी भी अपडेट या बदलाव के लिए अपनी संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें।
Also Read: Lucknow: CM योगी के सलाहकार अवनीश अवस्थी का फिर बढ़ा कार्यकाल, अब 2026 तक निभाएंगे जिम्मेदारी

