लखनऊ: सीजी सिटी वेटलैंड में आज जुटेंगे परिंदे और पर्यावरण प्रेमी, जानें बच्चों के लिए क्या है खास?

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच अगर आप सुकून के कुछ पल बिताना चाहते हैं और बच्चों को कुदरत के करीब ले जाना चाहते हैं, तो कल का दिन बेहद खास है। ‘वर्ल्ड वेटलैंड डे’ के मौके पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) चक गंजरिया (सीजी सिटी) स्थित अर्बन वेटलैंड में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।

इकाना स्टेडियम के ठीक पीछे स्थित यह 37 एकड़ का वेटलैंड इन दिनों विदेशी मेहमानों (प्रवासी पक्षियों) के कलरव से गुलजार है।

पंख फैलाते पक्षियों का दीदार और ढेर सारी मस्ती

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और बच्चों को प्रकृति और जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। 3 फरवरी को होने वाले इस कार्यक्रम की रूपरेखा कुछ इस तरह है। रिंदों की दुनिया को करीब से देखने के लिए विशेष ‘वॉच टावर’ और ‘व्यूइंग डेक’ बनाए गए हैं। लोग दूरबीन के जरिए स्वदेशी और विदेशी पक्षियों की अठखेलियां देख सकेंगे।

बच्चों के लिए पेंटिंग, फोटोग्राफी और क्विज कॉन्टेस्ट का आयोजन किया जाएगा। चुनी गई तस्वीरों और पेंटिंग्स को वॉल पर प्रदर्शित किया जाएगा और विजेताओं को सम्मानित भी किया जाएगा। शहर के नामचीन पर्यावरणविद बच्चों को जल संरक्षण और ईको-सिस्टम की बारीकियों के बारे में खेल-खेल में जानकारी देंगे।

सोवेनियर शॉप और कॉफी टेबल बुक

इस दौरान टर्टल सर्वाइवल एलायंस (TSA) द्वारा तैयार की गई एक सोवेनियर शॉप का उद्घाटन भी किया जाएगा। साथ ही, वेटलैंड का आधिकारिक ‘लोगो’ और खूबसूरत यादों को समेटे हुए एक ‘कॉफी टेबल बुक’ भी लॉन्च होगी।

ईको-टूरिज्म का नया केंद्र

37 एकड़ में फैला यह वेटलैंड लखनऊ में ईको-टूरिज्म के लिए एक मिसाल बनकर उभरा है। यहाँ पक्षियों के प्राकृतिक आवास को बढ़ावा देने के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। आयोजन के दौरान स्वच्छता अभियान चलाकर ‘क्लीन वेटलैंड, ग्रीन वेटलैंड’ का संदेश भी दिया जाएगा।

Also Read: माघ मेला 2026: सुरक्षा का अभेद्य किला बनी यूपी पीएसी, अपनों से बिछड़े बच्चों को मिलाया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.