Lucknow News: ‘काशी की पौराणिकता-संस्कृति नष्ट कर रही भाजपा सरकार’, मणिकर्णिका घाट तोड़फोड़ पर अजय राय का बयान
Sandesh Wahak Digital Desk: मणिकर्णिका घाट पर हुई कथित तोड़फोड़ और आस्था की प्रतीक माता अहिल्याबाई होल्कर की मूर्तियों को नुकसान पहुंचाए जाने के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (लखनऊ) में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार काशी की पौराणिकता और सांस्कृतिक विरासत को व्यवस्थित रूप से नष्ट कर रही है।
प्रेसवार्ता की शुरुआत में अजय राय ने माता अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी भी मौजूद रहे।
अजय राय ने कहा कि चाहे काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का मामला हो या मणिकर्णिका घाट पर माता अहिल्याबाई होल्कर की मूर्तियों को तोड़े जाने की घटना, काशी की विरासत को नुकसान पहुंचाने का काम किसी बाहरी ताकत ने नहीं।
बल्कि उन्हीं लोगों ने किया है जो कभी कहते थे कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज वही लोग मां गंगा और काशी के सबसे बड़े दुश्मन बन गए हैं।
उन्होंने कहा कि 25 मई 2025 को भाजपा ने माता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पूरे देश में बड़े स्तर पर मनाई, कार्यक्रम आयोजित किए और चांदी के सिक्के जारी किए, लेकिन महज छह महीने बाद उन्हीं की मूर्तियों पर बुलडोजर चलवा दिया गया।
अजय राय ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय लोगों को डराने-धमकाने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का रास्ता अपना रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने तोड़फोड़ से जुड़ी तस्वीरों को एआई जनरेटेड बताया था। अजय राय ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार में साहस है तो वह सभी पत्रकारों को घटनास्थल पर ले जाकर यह स्पष्ट करे कि वहां माता अहिल्याबाई होल्कर की मूर्तियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया।
अजय राय ने कहा कि भाजपा का वास्तविक चरित्र आस्था नहीं बल्कि व्यापार है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आस्था को ईवेंट में बदलकर धार्मिक भावनाओं का व्यवसाय कर रही है।
उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित घोटालों, राम पथ में दरारें, मंदिर में पानी टपकने और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर निर्माण के दौरान प्राचीन शिवलिंगों को नुकसान पहुंचाने के आरोपों का भी उल्लेख किया।
इस दौरान अजय राय ने मीडिया के सामने तोड़फोड़ से जुड़े वीडियो भी दिखाए। उन्होंने एक वीडियो का हवाला देते हुए दावा किया कि उसमें एक भाजपा मंत्री स्वयं मूर्तियां तोड़े जाने की बात स्वीकार करते नजर आ रहे हैं।
साथ ही उन्होंने अहिल्याबाई होल्कर ट्रस्ट का पत्र दिखाते हुए कहा कि ट्रस्ट और परिवार से जुड़े लोगों ने भी मूर्तियों को नुकसान पहुंचने की पुष्टि की है और इसकी तस्वीरें सार्वजनिक की हैं।
अजय राय ने सवाल उठाया कि यदि सच बोलने वालों पर एफआईआर दर्ज की जा रही है तो क्या माता अहिल्याबाई होल्कर के परिवार के सदस्यों और यशवंत राव होल्कर पर भी कार्रवाई होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार पुलिस के सहारे तानाशाही रवैया अपना रही है और एफआईआर का डर दिखाकर सच्चाई को दबाने की कोशिश कर रही है।
अंत में अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के नेतृत्व में वे न तो गलत को सहेंगे और न ही सच बोलना बंद करेंगे।

