Lucknow News: होटल में मिली विदेशी महिला की लाश, तफ्तीश में जुटी पुलिस
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के विभूतिखंड स्थित एक होटल के कमरे में मंगलवार को उज्बेकिस्तान की एक महिला की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में मिली। होटल कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। महिला की पहचान एगंबरडिएवा जेबो खिदिरोबना (43) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।
घटना विभूतिखंड के विजयंत खंड स्थित अतिथि इन होटल की है। जानकारी के अनुसार, उज्बेकिस्तानी महिला 2 मार्च को एक युवक सतनाम के साथ होटल में ठहरी थी। लेकिन 6 मार्च को सतनाम होटल छोड़कर चला गया, जिसके बाद से महिला अकेली रह रही थी।
सोमवार को होटल कर्मचारियों ने महिला को पानी और अन्य सामान दिया था। मंगलवार को जब कर्मचारी कमरे में गए तो दरवाजा अंदर से बंद था और कोई जवाब नहीं मिला। मास्टर की से दरवाजा खोलने पर महिला की लाश बिस्तर पर पड़ी मिली।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का खुलासा होगा। मामले की जांच जारी है। महिला के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।
Also Read: UP Politics: संभल की घटना का ज़िक्र कर मायावती बोलीं- कानून-व्यवस्था पर दें विशेष ध्यान

