लखनऊ: किसान पथ पर बुलेट और XUV की भीषण टक्कर, दो की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत सेवई इलाके में गुरुवार दोपहर करीब 2:00 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। किसान पथ पर बुलेट मोटरसाइकिल (UP 32 QZ 6912) और XUV 300 कार (UP 32 QU 1854) के बीच आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे में दो की मौत, महिला की हालत नाजुक

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मुन्नीलाल (70 वर्ष): निवासी गोपालखेड़ा, मोहनलालगंज।

सुशील (35 वर्ष): निवासी लदई का पुरवा, बाराबंकी।

हादसे में सुशील की पत्नी बबली गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उनका इलाज पीजीआई के ट्रामा सेंटर में चल रहा है, जहाँ उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया जाम

हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीण और मृतकों के परिजन बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने किसान पथ मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस और उच्चाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब घंटों की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका। फिलहाल यातायात सुचारू है और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।

फरार कार चालक की तलाश जारी

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी कार चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Also Read: लखनऊ के पीजीआई इलाके में शांति भंग करने वाले 4 युवक गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.