Lucknow News: ASP पर पत्नी की हत्या का मुकदमा दर्ज, परिवार के पांच सदस्य नामजद, जांच में जुटी पुलिस
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ में तैनात सीआईडी के एएसपी मुकेश प्रताप सिंह पर पत्नी नितेश की हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है। इस मामले में एएसपी के माता-पिता, भाई और बहन को भी आरोपी बनाया गया है।

क्या है मामला?
30 जुलाई को नितेश का शव पुलिस लाइन स्थित उनके आवास में फंदे से लटका मिला था। शुरू में इसे आत्महत्या माना गया, लेकिन नितेश के भाई प्रमोद कुमार (निवासी नगला करन सिंह, फिरोजाबाद) की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। प्रमोद ने आरोप लगाया कि नितेश की हत्या सुनियोजित साजिश के तहत की गई।

रिपोर्ट के अनुसार, नितेश की शादी 30 नवंबर 2012 को मुकेश प्रताप सिंह से हुई थी। तीन बच्चों की मां नितेश के वैवाहिक जीवन में विवाद तब बढ़ा जब मुकेश के आशियाना निवासी पूनम नामक महिला से संबंध हो गए। नितेश ने इस पर आपत्ति जताई, लेकिन मुकेश के माता-पिता रमेश चंद्र, मां सुधा और भाई अनुभव चंद्रा ने भी उसका समर्थन नहीं किया, जिससे वह मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का शिकार होती रही।
घटना से पहले का विवाद
तहरीर के अनुसार, 29 जुलाई को मुकेश और उनकी बहन आस्था ने मिलकर नितेश की पिटाई की। इसी विवाद के बाद नितेश को धमकी दी गई ‘या तो घर छोड़ दो, या फिर मर जाओ’। अगले दिन नितेश का शव घर में फंदे से लटका मिला। नितेश के परिवार का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सोची-समझी हत्या थी।
इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
Also Read: UP News: मानदेय वृद्धि की मांग पर अड़े शिक्षामित्र, CM योगी से मुलाकात का समय मांगा

