Lucknow: छांगुर बाबा के गुर्गे दे रहे लव जिहाद पीड़िताओं को धमकी, गोपाल राय बोले- डरेंगे नहीं
Sandesh Wahak Digital Desk: विश्व हिंदू रक्षा परिषद (VHRP) के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने सोमवार को राजधानी लखनऊ में प्रेस वार्ता के दौरान एक गंभीर मामला उजागर किया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें और उन महिलाओं को (जिन्होंने संगठन की मदद से पुनः सनातन धर्म को अपनाया है) जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
गोपाल राय ने बताया कि ये धमकियां सोशल मीडिया और स्पीड पोस्ट के माध्यम से मिल रही हैं, जो कथित रूप से छांगुर बाबा उर्फ जलालुद्दीन के नेटवर्क से जुड़ी जेहादी ताकतों द्वारा भेजी गई हैं। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू रक्षा परिषद द्वारा जब छांगुर के कथित जबरन धर्मांतरण और आतंकी गतिविधियों का पर्दाफाश किया गया, तो उसके बाद से यह धमकियां मिलना शुरू हो गईं। इस खुलासे के बाद यूपी एटीएस ने कार्रवाई करते हुए जलालुद्दीन को गिरफ्तार किया था।

पहले भी हुए हमले
राय ने बताया कि इससे पहले भी उन पर दो बार जानलेवा हमले हो चुके हैं एक बार वाराणसी में मुख्तार अंसारी के गुर्गों द्वारा और दूसरी बार जम्मू-कश्मीर में इस्लामिक आतंकियों के हाथों। इसके बावजूद, उनकी सुरक्षा को हटा लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग के कुछ अधिकारियों की “हिंदू विरोधी मानसिकता” के कारण उनकी सुरक्षा छीनी गई है।

प्रशासन से न्याय की मांग
गोपाल राय ने कहा कि उन्होंने इस मामले में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने का समय मांगा है, ताकि उन्हें और उनके संगठन के सदस्यों को सुरक्षा मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि धमकियां मिलने पर जब वे गोमती नगर थाने में शिकायत दर्ज कराने गए, तो वहां एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक राष्ट्रवादी संगठन के प्रमुख की शिकायत तक नहीं सुनी जा रही है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की क्या गारंटी है?

‘घर वापसी’ कार्यक्रम की महिलाएं रहीं मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान वे महिलाएं भी मौजूद थीं, जिन्होंने हाल ही में लव जिहाद से छुटकारा पाकर सनातन धर्म में वापसी की है। गोपाल राय ने स्पष्ट कहा कि वे किसी भी धमकी से डरने वाले नहीं हैं और सनातन धर्म की रक्षा के लिए हर चुनौती का डटकर सामना करेंगे।
Also Read: नीतीश कुमार के ‘1 करोड़ नौकरियों’ के वादे पर मायावती का तंज, बताया ‘चुनावी छलावा’

