Lucknow : ’शर्मा जी की चाय’ के बन में निकला कॉकरोच!, कारखाने पर FSDA की टीम ने मारा छापा

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के लोकप्रिय ठिकानों में से एक ‘शर्मा जी की चाय’ को लेकर बीते शुक्रवार को सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया, जब एक ग्राहक ने चाय के साथ खरीदे गए बन-मक्खन में मरा हुआ कॉकरोच मिलने का दावा किया। ग्राहक ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो कुछ ही समय में वायरल हो गया।

वीडियो में व्यक्ति बन को कैमरे के सामने खोलकर दिखाते हुए कहता है, “ये देखिए, शर्मा जी की चाय है। हमने यहां से बन-मक्खन लिया था, इसमें मरा हुआ कॉकरोच निकला है।” इस वीडियो के सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी गई और कई यूजर्स ने खाद्य सुरक्षा पर सवाल उठाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम तुरंत हरकत में आई और ‘शर्मा चाय वाले’ की दुकान पर जांच के लिए पहुंची। जांच के दौरान दुकान संचालक ने बताया कि वह बन ‘न्यू आशियाना बेकर्स’ नामक एक बेकरी से मंगवाते हैं, जो बरौनी खंदक क्षेत्र में स्थित है।

FSDA की टीम इसके बाद सीधे उस बेकरी में भी पहुंची और वहां बन के साथ-साथ इस्तेमाल किए जा रहे वनस्पति तेल के सैंपल लिए। निरीक्षण के दौरान टीम को बेकरी में कई खामियां नजर आईं, जिसके चलते संचालक को नोटिस जारी किया गया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि लिए गए सैंपल अब जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय किया जाएगा कि आगे इस मामले में क्या कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: Gonda News: बीस साल में अकूत संपत्ति का मालिक बन गया बेसिक शिक्षा के लेखा विभाग का…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.