लखनऊ कलेक्ट्रेट की महिला कर्मचारी रिश्वत लेते गिरफ्तार, पेंशन वेरिफिकेशन के नाम पर मांगे थे पैसे

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में भ्रष्टाचार का एक और मामला सामने आया है, जहाँ कलेक्ट्रेट (जिलाधिकारी कार्यालय) में तैनात एक महिला कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई एंटी करप्शन ब्यूरो (भ्रष्टाचार निवारण संगठन) की टीम ने शनिवार को की।

गिरफ्तार की गई महिला कर्मचारी का नाम चंद्रमाला पटेल है, जो पेंशन अनुभाग की हेल्प डेस्क पर कार्यरत थी। उस पर आरोप है कि उसने एक महिला से पेंशन वेरिफिकेशन कराने के बदले में रिश्वत की मांग की थी।

पीड़िता ने जब चंद्रमाला पटेल द्वारा पैसे मांगने की शिकायत की, तो एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकर चंद्रमाला को रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने पहले पूरे मामले की निगरानी की और जैसे ही महिला कर्मचारी ने पैसे स्वीकार किए, तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला अपने पेंशन दस्तावेज़ों की पुष्टि कराने आई थी। वह सभी आवश्यक शुल्क देने के लिए तैयार थी, लेकिन जब चंद्रमाला ने अतिरिक्त पैसे की मांग की, तो महिला ने रिश्वत देने से इनकार कर दिया। इस पर कर्मचारी ने साफ शब्दों में कहा कि “बिना पैसे काम नहीं होगा”।

विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक चंद्रमाला पटेल को पेंशन अनुभाग में राज्य भर की कई एसबीआई शाखाओं से संबंधित वेरिफिकेशन का काम सौंपा गया था, जिनमें गोमती नगर, महानगर, इंदिरानगर, अलीगंज, चारबाग, हुसैनगंज, जवाहर भवन, एलडीए कॉलोनी, इंजीनियरिंग कॉलेज, जेल रोड समेत कई इलाके शामिल हैं।

फिलहाल आरोपी महिला के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Also Read: ‘आपका लहजा बता रहा है कि आपकी सियासत नई-नई है’, सपा दफ्तर के बाहर लगा पोस्टर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.