Lucknow News: 140वें स्थापना दिवस पर कांग्रेस का बड़ा ऐलान, बूथ स्तर पर भाजपा से मुकाबले की तैयारी
2026–27 चुनावों पर फोकस, अपने दम पर उतरेगी कांग्रेस
Sandesh Wahak Digital Desk: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (लखनऊ) में आयोजित प्रेस वार्ता में बड़ा ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 के स्थानीय निकाय और एमएलसी चुनावों में पार्टी कार्यकर्ताओं की मंशा का सम्मान करते हुए कांग्रेस अपने दम पर चुनावी मैदान में उतरेगी।
साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र प्रदेश की सभी सीटों पर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं और इंडिया गठबंधन के नेतृत्व में भाजपा से मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का दावा
अविनाश पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करेगी और प्रत्येक बूथ एजेंट को सक्रिय व मुस्तैद बनाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरा देश गंभीर चुनौतियों से गुजर रहा है। भाजपा सरकारों पर लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।
मनरेगा की ‘आत्मा’ कमजोर करने का आरोप
मनरेगा को लेकर अविनाश पाण्डेय ने कहा कि यह योजना कांग्रेस के कार्यकाल में तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह द्वारा ग्रामीणों के कानूनी अधिकार के रूप में लाई गई थी, जिसकी आत्मा ग्राम सभा थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने नाम बदलकर और फंड रिलीज में देरी कर इस योजना की मूल भावना को कमजोर किया है, जिससे मजदूरों, किसानों और ग्रामीण परिवारों को नुकसान हो रहा है और भ्रष्टाचार की आशंका बढ़ी है।
एसआईआर को लेकर उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम काटे जा रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। यह एक सुनियोजित प्रयास है, जिससे आम नागरिकों के मतदान के संवैधानिक अधिकार छीने जा रहे हैं।
‘संविधान संवाद’ के तहत 100 दिनों में 30 रैलियां
अविनाश पाण्डेय ने ऐलान किया कि एसआईआर और लोकतंत्र की रक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में सड़क से संसद तक संघर्ष किया जाएगा।
इसके तहत आगामी 100 दिनों में प्रदेशभर में ‘संविधान संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से वाराणसी, अयोध्या, मथुरा, प्रयागराज, गोरखपुर, चित्रकूट सहित विभिन्न जनपदों में 30 रैलियों का आयोजन कर जनता को जागरूक किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, राष्ट्रीय सचिव एवं सह प्रभारी प्रदीप नरवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, सांसद तनुज पुनिया, सांसद राकेश राठौर, वरिष्ठ नेता अशोक पाण्डेय, मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. सी.पी. राय, वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी, प्रवक्ता अंशू अवस्थी सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

