लखनऊ: आलमबाग थाने में तैनात सिपाही ने की आत्महत्या, घर में लटका मिला शव
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आलमबाग क्षेत्र में शुक्रवार शाम आलमबाग थाने में तैनात सिपाही बालकृष्ण (27) का शव उनके किराए के मकान में पंखे से लटका मिला। सिपाही की आत्महत्या की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक सिपाही बालकृष्ण (27), मूल रूप से अलीगढ़ के पिसावा के रहने वाले थे। वह दिसंबर 2023 से आलमबाग थाने में वाहन चालक के पद पर तैनात थे। बालकृष्ण, आलमबाग के भीमनगर छोटा बरहा में सिपाही विनोद कुमार के साथ एक मकान में किराए पर रह रहे थे।
एडिशनल इंस्पेक्टर फूलचंद्र ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे बालकृष्ण घर के अंदर गए थे। जब उनके भाई ने फोन किया और जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने साथी सिपाही विनोद को हालचाल जानने भेजा। इसके बाद रात 8 बजे जब सिपाही विनोद कुमार कमरे में पहुंचे, तो बालकृष्ण पंखे से रस्सी के सहारे लटके हुए पाए गए।
जांच और आगामी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी कैंट अभय मल और आलमबाग थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। एडिशनल इंस्पेक्टर ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने बालकृष्ण के मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। घटना की जानकारी सिपाही के पिता कालीचरण को दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार, बालकृष्ण गाना गाने के शौकीन थे और उनकी शादी फरवरी 2026 में होनी थी। पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

