Lucknow News: क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर अश्विनी चतुर्वेदी की स्विमिंग पूल में डूबकर मौत, पुलिस महकमे में हड़कंप

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को एक दुखद घटना सामने आई है। लखनऊ क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर अश्विनी चतुर्वेदी की 35वीं पीएसी बटालियन परिसर स्थित स्विमिंग पूल में संदिग्ध परिस्थितियों में डूबकर मौत हो गई। यह खबर मिलते ही लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में हड़कंप मच गया और कई आला अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।

दोपहर में मिला इंस्पेक्टर का शव

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब सवा 12 बजे के आसपास की है। इंस्पेक्टर अश्विनी चतुर्वेदी (मूल निवासी अंबेडकर नगर) सुबह स्विमिंग पूल में तैरने के लिए आए थे। लंबे समय तक उनके पूल से बाहर न निकलने पर कर्मचारियों ने तलाश शुरू की।

हादसे की सूचना मिलते ही ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) और एडीसीपी क्राइम समेत लखनऊ कमिश्नरेट के कई बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मध्य क्षेत्र के डीसीपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने त्वरित सर्च अभियान चलाया। सर्च अभियान के बाद इंस्पेक्टर अश्विनी चतुर्वेदी के शव को पूल से बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

डीसीपी मध्य आशीष श्रीवास्तव ने आगे बताया कि शुरुआती जांच में इंस्पेक्टर अश्विनी चतुर्वेदी की मौत का कारण डूबना सामने आया है। हालांकि, पुलिस इस पूरे मामले की जांच हर एंगल से कर रही है।

जांच में यह भी पता चला है कि इंस्पेक्टर अश्विनी चतुर्वेदी पूर्व में चिनहट थाने में भी तैनात रह चुके थे और वर्तमान में लखनऊ क्राइम ब्रांच में कार्यरत थे। डीसीपी ने पुष्टि की है कि मृतक इंस्पेक्टर के शरीर पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पूल पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ में उन्होंने सुबह 7 से 8 बजे के बीच इंस्पेक्टर के स्विमिंग करने के लिए आने की बात कही है।  पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक इंस्पेक्टर के परिजनों को दे दी है, जिनके जल्द ही लखनऊ पहुंचने की संभावना है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Also Read: Balrampur News: कनाहरा गौशाला में बड़ा भ्रष्टाचार, 210 गायों के चारे में लाखों का गबन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.