लखनऊ: नव वर्ष पर पार्कों में उमड़ा जनसैलाब, ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ बना पर्यटकों की पहली पसंद

Sandesh Wahak Digital Desk: नए साल के पहले दिन नवाबों की नगरी लखनऊ के पार्कों और स्मारकों में भारी भीड़ देखने को मिली। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) द्वारा बसंत कुंज योजना में नवनिर्मित ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ पर्यटकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। 25 दिसंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन के बाद, यह इस स्थल का पहला ‘न्यू ईयर’ था, जहां हजारों की संख्या में लोग देशभक्ति और सांस्कृतिक चेतना के रंग में रंगे नजर आए।

राष्ट्र प्रेरणा स्थल: युवाओं के लिए नई प्रेरणा

अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर लोकार्पित यह स्थल अपनी भव्यता के कारण चर्चा में है। यहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की विशाल प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। नव वर्ष पर यहाँ 12 हजार से अधिक आगंतुक पहुँचे।

पार्कों की आय और आगंतुकों का डेटा 

राजधानी के प्रमुख पार्कों में उमड़ी भीड़ ने एलडीए और संबंधित विभागों की झोली भर दी। जनेश्वर मिश्र पार्क कमाई और भीड़ के मामले में सबसे शीर्ष पर रहा।

क्र.सं. पार्क का नाम आगंतुकों की संख्या कुल आय (₹)
1 जनेश्वर मिश्र पार्क, गोमती नगर 41,442 11,77,225.00
2 राष्ट्र प्रेरणा स्थल, बसंत कुंज 12,397 1,22,740.00
3 अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल 12,117 3,02,925.00
4 कांशीराम जी ग्रीन इको गार्डन 6,400 1,60,000.00
5 हैप्पीनेस पार्क (बुद्धा पार्क) 3,700 1,65,360.00
6 लोहिया पार्क, गोमती नगर 2,783 41,895.00
7 यू.पी. दर्शन पार्क, गोमती नगर 2,357 2,10,600.00
8 दलित प्रेरणा स्थल, नोएडा 19,153 4,78,825.00

 

कमाई में जनेश्वर मिश्र पार्क रहा अव्वल

लखनऊ के गोमती नगर स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में नव वर्ष पर रिकॉर्ड तोड़ 41 हजार से अधिक लोग पहुंचे, जिससे पार्क को ₹11.77 लाख से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं, बसंत कुंज के नए राष्ट्र प्रेरणा स्थल ने अपनी शुरुआती लोकप्रियता दर्ज कराते हुए ₹1.22 लाख की आय अर्जित की। राजधानी के पार्कों में सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच लोगों ने हर्षोल्लास के साथ साल 2026 का स्वागत किया।

Also Read: योगी सरकार का मास्टरस्ट्रोक, उत्तर प्रदेश बना देश का नया ‘डिजिटल निवेश हब’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.