Lucknow News: रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया दरोगा, एंटी करप्शन टीम ने दौड़ाकर दबोचा
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई हुई है। पीजीआई थाने की वृंदावन कॉलोनी चौकी में तैनात एक दरोगा को एंटी करप्शन टीम ने शनिवार को 13,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के वक्त दरोगा ने भागने की पूरी कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और फिल्मी अंदाज में घसीटते हुए गाड़ी तक ले गई। यह पूरा मामला एक सीज की गई कार को छुड़ाने से जुड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, अयोध्या के रहने वाले शशांक कुमार की कार पीजीआई पुलिस ने किसी मामले में सीज कर दी थी। शशांक ने कार छुड़ाने के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी। कोर्ट ने इस पर पुलिस से रिपोर्ट मांगी। जांच का जिम्मा दरोगा अमर कुमार के पास था। आरोप है कि कोर्ट में रिपोर्ट भेजने के बदले दरोगा ने 13,000 रुपये की घूस मांगी। परेशान शशांक ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन विभाग से कर दी। इसके बाद टीम ने दरोगा को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
टीम ने शशांक को केमिकल लगे नोट दिए और चौकी भेजा। जैसे ही दरोगा ने चौकी के बाहर पैसे पकड़े, टीम ने उसे घेर लिया। पकड़े जाने के डर से दरोगा ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद जब दरोगा के हाथ पानी के जग में डलवाए गए, तो केमिकल की वजह से पानी का रंग तुरंत लाल हो गया, जो रिश्वत लेने का पुख्ता सबूत है।
2023 बैच का दरोगा, अब सलाखों के पीछे
गिरफ्तार दरोगा अमर कुमार देवरिया जिले का रहने वाला है और 2023 बैच का नया अधिकारी है। करियर की शुरुआत में ही भ्रष्टाचार के दाग ने उनकी वर्दी को शर्मसार कर दिया है। एंटी करप्शन टीम उसे गिरफ्तार कर गोसाईगंज थाने ले गई, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
Also Read: T20 World Cup 2026: शुभमन गिल के साथ हुआ धोखा? बिना जानकारी ड्रॉप किए जाने का दावा

