Lucknow: चोरों ने पहले खाई मैगी, फिर AC में किया आराम, रिटायर्ड बैंककर्मी के घर घुसे चोर
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी के गाजीपुर थाना क्षेत्र स्थित इंदिरानगर में एक बेहद हैरान करने वाली चोरी की घटना सामने आई है, जिसमें चोरों ने घर में सेंध लगाने से पहले अय्याशी की सारी हदें पार कर दीं। चोरी के इरादे से घुसे चोरों ने सबसे पहले किचन में मैगी बनाई, एसी चलाया और कमरे में बैठकर आराम से खाना खाया। पेट पूजा के बाद उन्होंने पूरे घर को खंगाला और मौका मिलते ही फरार हो गए।
यह मामला इंदिरानगर सी-ब्लॉक के मकान नंबर 499 का है, जहां रिटायर्ड बैंक अधिकारी भूपाल सिंह बसेरा अपने परिवार संग रहते हैं। मिली जानकारी के अनुसार, 8 जून को भूपाल सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके चलते उनके फौजी बेटे आलोक बसेरा ने उन्हें इलाज के लिए दिल्ली बुला लिया। वे अपनी पत्नी नीरू बसेरा के साथ दिल्ली रवाना हो गए। जाते वक्त उन्होंने अपने घर की देखरेख और पौधों को पानी देने की जिम्मेदारी पड़ोसी दीपा बिष्ट को सौंप दी थी।
पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
10 जून की शाम, जब दीपा रोज़ाना की तरह पौधों को पानी देने पहुंचीं तो घर का मुख्य दरवाज़ा टूटा हुआ पाया और भीतर से लाइट जलती दिखी। अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि घर के कमरों में सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों और स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
गाजीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अंदर के नज़ारे ने पुलिस को भी चौंका दिया, कमरे में एसी चल रहा था, बेड पर रखी प्लेट में ताज़ा बनी मैगी पड़ी थी। इससे साफ अंदाजा लगाया गया कि चोरों ने चोरी करने से पहले किचन में घुसकर मैगी पकाई, आराम से खाई और एसी में बैठकर कुछ देर आराम भी किया।
पुलिस ने जब भूपाल सिंह से बात की तो उन्होंने बताया कि कीमती आभूषण तो वे साथ ही ले गए थे, लेकिन घर में कुछ नकद राशि थी, जिसे चोर अपने साथ ले गए हैं। घर में CCTV कैमरा नहीं था, लेकिन पड़ोस में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस तहरीर मिलने का इंतज़ार कर रही है, जिसके बाद विधिक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
Also Read: वाराणसी में नगर निगम का लिपिक रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई

