Lucknow News: संपूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी ने लोगों की सुनी समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ जिलाधिकारी विशाख जी. शनिवार को मोहनलालगंज तहसील पहुंचे। जहां उन्होंने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अंतर्गत लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की जाए और शिकायतकर्ताओं से कॉल कर सत्यापन जरूर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायत के निस्तारण के बाद यह सुनिश्चित करें कि समाधान से नागरिक संतुष्ट हैं या नहीं।
निस्तारण में हो पारदर्शिता और गुणवत्ता
समाधान दिवस में आए प्रकरणों पर जिलाधिकारी ने विशेष जोर देते हुए कहा कि हर शिकायत का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण होना चाहिए, ताकि आमजन का भरोसा प्रशासन पर बना रहे। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि पुराने मामलों को लंबित न रखा जाए, और हर शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी सीधे दी जाए।

फीडबैक से तय होगी कार्य की गुणवत्ता
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि किसी भी मामले के निस्तारण के बाद संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता को फोन कर फीडबैक जरूर लें, ताकि यह जांचा जा सके कि समाधान प्रभावी और संतोषजनक रहा या नहीं। इससे प्रशासन की जवाबदेही बढ़ेगी और जनता का भरोसा भी मजबूत होगा।

