लखनऊ: निजी टाउनशिप में मूलभूत सुविधाओं की होगी सख्त मॉनिटरिंग, मण्डलायुक्त ने दिए निर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी में निजी विकासकर्ताओं (Private Developers) द्वारा विकसित की जा रही टाउनशिप में अब आधारभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाएगी। सोमवार को मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के कार्यों की समीक्षा बैठक में निर्देश दिया कि सक्षम अधिकारी स्वयं इन परियोजनाओं की मॉनिटरिंग करें ताकि भविष्य में निवासियों को कोई असुविधा न हो।

पर्यावरण और बिजली पर विशेष जोर

बैठक में इंटीग्रेटेड टाउनशिप नीति के तहत स्वीकृत परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने निम्नलिखित कड़े निर्देश दिए:

STP की जाँच: सभी टाउनशिप में बने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से निरीक्षण कराया जाए। साथ ही पानी के BOD, COD और फिकल क्लोरीफॉर्म की नियमित टेस्टिंग सुनिश्चित हो।

बुनियादी ढांचा: विद्युत उपकेंद्र, सीवर लाइन और जलापूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

गरीबों के लिए आवास: सभी टाउनशिप में EWS (आर्थिक रूप से कमजोर) और LIG (अल्प आय वर्ग) श्रेणी के भवनों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।

सौंदर्यीकरण और विकास योजनाओं की स्थिति

मण्डलायुक्त ने शहर की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की। हजरतगंज स्ट्रीट और नाजा मार्केट के सौंदर्यीकरण कार्य की धीमी प्रगति पर मण्डलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि रात के समय (जब ट्रैफिक कम हो) काम में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा किया जाए। वरुण विहार, नैमिष नगर, आईटी सिटी और वेलनेस सिटी के लिए भूमि अधिग्रहण (Land Pooling) के कार्य पर संतोष व्यक्त किया गया। ग्रीन कॉरिडोर, चौराहों की री-डिजाइनिंग, उर्मिला वन और गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क के कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में शामिल प्रमुख अधिकारी

बैठक में एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार सिंह, अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, मुख्य नगर नियोजक के.के. गौतम और मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे।

Also Read: कुशीनगर ‘दिशा’ बैठक: बेसिक शिक्षा में भ्रष्टाचार पर जांच के आदेश, सांसद ने जल जीवन और बिजली विभाग को लताड़ा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.