Lucknow: डीएम विशाख पहुंचे नादरगंज, जल निकासी और जाम की समस्याओं पर लिया जायजा

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ जिले के नादरगंज औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जल निकासी की समस्या को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी विशाख जी ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जलभराव की स्थिति को अब और नहीं सहा जाएगा समाधान जल्द चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधिशासी अभियंता ने बताया कि यूपीसीडा (UPSIDA) द्वारा नाला निर्माण का कार्य जारी है, जिसका बहाव (gradient) लखनऊ-कानपुर हाईवे की तरफ रखा गया है। लेकिन समस्या सिर्फ यही नहीं है।

बाहरी नालों का गंदा पानी बढ़ा रहा समस्या

UPSIDA अधिकारियों ने डीएम को बताया कि औद्योगिक क्षेत्र के बाहर की आबादी से आने वाले नाले भी इसी क्षेत्र में मिल रहे हैं, जिससे जलभराव की स्थिति और बिगड़ती जा रही है। इस पर जिलाधिकारी ने जल निगम, नगर निगम और तहसील सरोजनीनगर को निर्देशित किया कि ऐसे बाहरी नालों को टैप कर उनके पानी को बाहर ही डायवर्ट किया जाए। इसके लिए ज़मीन चिन्हित कर एक ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा गया है।

सीवरेज समस्या के समाधान के लिए एसटीपी का निर्माण

जल निगम ने बताया कि क्षेत्र में सीवरेज के पानी को शुद्ध करने के लिए 3.2 एमएलडी क्षमता का एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) भी बनाया जा रहा है, जिससे प्रदूषण की समस्या कम होगी। इसके बाद डीएम ने कानपुर रोड पर एनएच निर्माण और डायवर्जन पॉइंट्स का भी जायजा लिया। यहां नगर निगम की स्ट्रीट लाइट और यूपीपीसीएल के खंभों की शिफ्टिंग का काम अटका हुआ पाया गया। जिलाधिकारी ने दोनों विभागों को समन्वय से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

खासकर खांडे देव, स्कूटर इंडिया और दरोगा खेड़ा क्षेत्रों में पीक ऑवर के समय लगने वाले ट्रैफिक जाम को देखते हुए डीएम ने NHAI को ट्रैफिक मार्शल की संख्या बढ़ाने और सड़क किनारे बिखरी निर्माण सामग्री को हटाने के निर्देश दिए।

रिंग रोड पर सुरक्षा को लेकर खास निर्देश

दरोगा खेड़ा स्थित रिंग रोड का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने NHAI को निर्देश दिए कि सभी रैंप के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर रिफ्लेक्टर और साइनेज लगाए जाएं ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके। साथ ही उन्होंने CCTV कैमरों की स्थापना में तेजी लाने और कंट्रोल रूम की स्थापना की समयसीमा तय करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान PD-NHAI, तहसीलदार सरोजनीनगर, एडीसीपी ट्रैफिक, डीसी-डीआईसी, जल निगम के अधिशासी अभियंता सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Also Read: Lucknow: जयंती पर वी.पी. सिंह को नमन, अपना दल (एस) ने दोहराया सामाजिक समरसता का संकल्प

Get real time updates directly on you device, subscribe now.