Lucknow News: घर में घुसकर मां और दृष्टिहीन बेटे की बेरहमी से हत्या, हत्यारों ने पार की क्रूरता की हदें
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के सिसेंडी कस्बे में सोमवार देर रात मानवता को शर्मसार करने वाली घटना घटी। यहाँ रहने वाली 45 वर्षीय रेशमा और उनके 18 साल के दृष्टिहीन बेटे शादाब की अज्ञात बदमाशों ने गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्यारों की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने दृष्टिहीन बेटे को पानी की नांद (हौदे) में डुबोकर मार डाला।
पुलिस जब सूचना पाकर मौके पर पहुंची, तो घर का नजारा देख हर कोई सन्न रह गया। शादाब का शव जानवरों को पानी पिलाने वाले हौदे में पड़ा था, जिसे छिपाने के लिए हत्यारों ने उसके ऊपर दूसरा हौदा रख दिया था। वहीं, मां रेशमा का शव कमरे के भीतर बिस्तर पर कपड़े में लिपटा मिला। पुलिस को दोनों के गले पर कसने के निशान मिले हैं, जिससे आशंका है कि गला घोंटकर उनकी जान ली गई है।
फोन पर सुनी थी मौत की आहट
मृतकों के रिश्तेदार शब्बू ने बताया कि सोमवार शाम करीब 7:30 बजे उनकी शादाब से फोन पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान शादाब ने बताया कि दरवाजे पर कोई लात मार रहा है। शब्बू ने उसे जाकर देखने को कहा, तभी दरवाजा खुलने की आवाज आई और फोन कट गया। इसके बाद जब फोन नहीं उठा, तो पड़ोसियों को घर भेजा गया, तब जाकर इस खौफनाक वारदात का पता चला।

संघर्षों से भरा था रेशमा का जीवन
रेशमा की जिंदगी दुखों और संघर्षों की दास्तां थी। उनके दो निकाह हुए थे और दोनों ही शौहरों की मौत हो चुकी थी। उनके तीन बच्चों में से दो (सोहेल और शबनम) पहले ही गुजर चुके थे। अब परिवार में सिर्फ वही और उनका दृष्टिहीन बेटा शादाब बचे थे। रेशमा एक छोटी सी परचून की दुकान चलाकर अपने लाडले का पालन-पोषण कर रही थीं, लेकिन बेरहम कातिलों ने इस छोटे से परिवार को भी उजाड़ दिया।
पुलिस की 4 टीमें जांच में जुटीं
एडीसीपी (ADCP) आरपी वसंथ कुमार ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की 4 विशेष टीमें गठित की गई हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हालांकि, परिजनों ने दुष्कर्म की आशंका जताई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
Also Read: “भाजपा सरकार ने गिरवी रख दी विदेश नीति”, Akhilesh Yadav ने लगाए आरोप

