लखनऊ: दवा कारोबारी ने अवैध रिवाल्वर से खुद को मारी गोली, करोड़ों की देनदारी बनी वजह!

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के अलीगंज (सेक्टर एन-1) इलाके में बृहस्पतिवार शाम एक दवा कारोबारी ने अवैध रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जौनपुर के मड़ियाहूं निवासी प्रद्युमन पाठक (35) के रूप में हुई है। घटना का खुलासा तब हुआ जब उनके रूम पार्टनर शाम को कमरे पर लौटे।

रोशनदान से देखा तो दंग रह गया साथी

प्रद्युमन पिछले दो महीनों से जौनपुर के ही रहने वाले दिव्यांशु सिंह के साथ किराए के कमरे में रह रहे थे। शाम करीब 5:30 बजे जब दिव्यांशु वापस लौटे, तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर उन्होंने रोशनदान से झांककर देखा। प्रद्युमन को तख्त पर बेसुध पड़ा देख उन्हें लगा कि शायद वे बेहोश हैं। दिव्यांशु ने जगाने के लिए उन पर पानी भी फेंका, लेकिन कोई हरकत नहीं हुई।

पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर प्रद्युमन का शव खून से लथपथ पड़ा था। उनके सिर के दाहिने हिस्से में गोली का निशान था और पास ही एक अवैध रिवाल्वर पड़ी थी।

नौकरी दिलाने के नाम पर उगाही और दबाव

पुलिस की शुरुआती जांच में आत्महत्या के पीछे आर्थिक तंगी और मानसिक दबाव की बात सामने आई है। एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह के मुताबिक, प्रद्युमन ने सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर कई लोगों से मोटी रकम वसूल रखी थी।

चौंकाने वाली बात यह है कि प्रद्युमन ने अपने रूम पार्टनर दिव्यांशु से भी दरोगा बनाने के नाम पर पैसे ले रखे थे। नौकरी न लगने पर लोग लगातार फोन कर अपने पैसे वापस मांग रहे थे, जिससे प्रद्युमन काफी तनाव में थे।

पुलिसिया कार्रवाई और जांच

घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने मौके से अवैध रिवाल्वर और अन्य साक्ष्य कब्जे में लिए हैं। प्रद्युमन के परिवार में पत्नी और एक बेटी है, जिन्हें सूचित कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.