लखनऊ: नशे में धुत ई-रिक्शा चालक ने मासूम को रौंदा, महिगवां पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के महिगवां थाना क्षेत्र के ग्राम गदेला कुनौरा में एक मासूम की मौत के बाद कोहराम मचा हुआ है। नशे की हालत में तेज रफ्तार ई-रिक्शा चला रहे एक युवक ने 4 साल के बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरी घटना?
जानकारी के अनुसार, सोमवार (23 फरवरी) को ग्राम गदेला कुनौरा निवासी संदीप के 4 वर्षीय भतीजे सूर्या को एक अनियंत्रित ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। चश्मदीदों के मुताबिक, चालक दीपक कुमार नशे में धुत था और रिक्शा को बेहद लापरवाही से चला रहा था। रफ्तार इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा मासूम के ऊपर ही पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में सूर्या की जान चली गई।
ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने भाग रहे चालक को मौके पर ही दबोच लिया। सूचना मिलते ही महिगवां पुलिस मौके पर पहुंची। वादी संदीप की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया। ग्रामीणों द्वारा पकड़ने के दौरान चालक की पिटाई की बात सामने आने पर पुलिस ने पहले उसे इलाज के लिए बीकेटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा।
न लाइसेंस, न पछतावा: नशे में था चूर
मंगलवार को मेडिकल जांच के बाद जब विवेचक उ0नि0 वीरेन्द्र सिंह यादव ने आरोपी से पूछताछ की, तो एक और बड़ी लापरवाही सामने आई। 22 वर्षीय आरोपी दीपक कुमार के पास गाड़ी चलाने का ड्राइविंग लाइसेंस तक नहीं था। उसने स्वीकार किया कि वह बिना लाइसेंस के ही ई-रिक्शा चला रहा था।
पुलिस की कार्रवाई
महिगवां पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार (निवासी बाराबंकी) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की अन्य थानों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। मासूम सूर्या के परिवार में इस घटना के बाद से मातम छाया हुआ है और ग्रामीणों में इस तरह की लापरवाही को लेकर भारी रोष है।
Also Read: लखनऊ: इंस्टाग्राम पर भड़काऊ पोस्ट डालना पड़ा भारी, पारा पुलिस ने आदिल खान को दबोचा

