Lucknow News: नशे में धुत युवक ने दरोगा से की बदसलूकी, वर्दी उतरवाने की दी धमकी

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे में धुत एक युवक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी से न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि हाथापाई तक करने की कोशिश की। आरोपी ने पुलिस की वर्दी उतरवाने की धमकी भी दी।

शुरुआती जानकारी के अनुसार मामला अमौसी चौकी क्षेत्र का है। सूत्रों के मुताबिक एक युवक चार पहिया वाहन में हूटर बजाते हुए तेज रफ्तार से सायरन बजाता चला जा रहा था। जब पुलिस ने वाहन को रोकने की कोशिश की तो युवक आग-बबूला हो गया।

कार रुकवाने पर युवक ने अमौसी चौकी इंचार्ज से बदसलूकी शुरू कर दी और देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक लगातार अपशब्द कहता रहा और पुलिसकर्मियों को वर्दी उतरवाने की धमकी देता रहा।

फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आरोपी युवक की पहचान और मेडिकल जांच की कार्रवाई की जा रही है, ताकि नशे की पुष्टि की जा सके।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर रोष व्याप्त है और वे कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी, और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: ‘आँखों में उजाला, दिलों में दुआएँ’, बाराबंकी में इमाम खुमैनी फाउंडेशन की इंसानियत भरी पहल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.