Lucknow: शराब के नशे में बड़े भाई ने की छोटे की हत्या, मां बोलीं- मेरे बेटे को बचा लो

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में बड़े भाई ने छोटे भाई की जान ले ली। सुबह करीब 7:30 बजे हुए इस पारिवारिक विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकीपुरम सेक्टर-6 निवासी अमित मिश्रा (35) और उसका छोटा भाई रवि मिश्रा (20) सोमवार सुबह नशे की हालत में आपस में उलझ गए। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। गुस्से में आकर अमित ने रवि का गला दबा दिया, जिससे रवि की मौके पर ही मौत हो गई। मोहल्ले में शोर सुनकर लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गई।

घटना के बाद घर का माहौल बेहद ग़मगीन है। मां निर्मला बार-बार रोते हुए लोगों से अपने बड़े बेटे को बचाने की गुहार लगाती नजर आईं। उनका कहना है कि यह हत्या नहीं, बल्कि मारपीट के दौरान हुआ हादसा है। एक बेटा चला गया, दूसरा जेल चला जाएगा तो मेरा क्या बचेगा? मां की यह पुकार किसी का भी दिल तोड़ सकती है।

पुलिस ने आरोपी भाई को लिया हिरासत में

डीसीपी उत्तरी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि दोनों भाई शराब के नशे में थे और आपसी विवाद के चलते यह दुखद घटना घटी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अमित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। जानकीपुरम इंस्पेक्टर विनोद तिवारी के अनुसार, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।

मृतक की मां का कहना है कि रवि की शराब की लत से पूरा परिवार परेशान था। वह अक्सर घर में तोड़फोड़ करता, झगड़े करता और आए दिन किसी न किसी बात पर बवाल मचाता। रविवार रात को उसने मोबाइल और बिजली के तार तक तोड़ दिए थे। कई बार काम दिलाया गया, लेकिन वह कहीं नहीं टिक सका।

अमित उर्फ बाला, जो एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान पर सेल्समैन है, कुछ साल पहले पत्नी के छोड़कर जाने के बाद से मानसिक रूप से परेशान था, लेकिन घर की जिम्मेदारियों से कभी पीछे नहीं हटा। मां निर्मला बताती हैं कि वह घर खर्च में मदद करता था और रोज़ घर नहीं रहता था। रविवार रात को ही वह अपनी बहन से मिलने आया था।

बहन ने बताया पूरा मंजर

रवि की बहन नेहा तिवारी ने बताया कि घटना के वक्त मां नीचे थीं, जबकि वह, पिता और भाई राहुल छत पर थे। लड़ाई की आवाज सुनकर नीचे आए तो देखा कि रवि खून से लथपथ पड़ा था। तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

Also Read: Lucknow: ‘दो जून की रोटी’ के लिए शिक्षामित्रों का प्रदर्शन, सरकार से की…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.