लखनऊ एनकाउंटर: गोमतीनगर में पुलिस से मुठभेड़, कुख्यात चेन स्नैचर गोली लगने से घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में शुक्रवार देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और चेन स्नैचरों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में एक कुख्यात बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

वारदात के बाद पुलिस की घेराबंदी
गोमतीनगर थाना क्षेत्र में 31 अक्टूबर और 2 नवंबर को दो अलग-अलग चेन लूट की घटनाओं के बाद से पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही थी। लूट की वारदातों का समय और तरीका एक जैसा होने के कारण पुलिस ने क्राइम और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया था। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार देर रात पुलिस को जानकारी मिली कि वही बदमाश फिर से लूट की फिराक में गोमतीनगर इलाके में घूम रहे हैं।
पुलिस ने अंबेडकर उद्यान चौकी के पास एक बिना नंबर की पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह बाइक समेत गिर पड़ा। घायल बदमाश की पहचान लखीमपुर के रहने वाले कुख्यात चेन स्नैचर शिवम गुप्ता के रूप में हुई है। जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
आपराधिक इतिहास और बरामदगी
घायल बदमाश शिवम गुप्ता को इलाज के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि शिवम गुप्ता के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह कई जिलों में चेन और मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस ने मौके से लूटी गई चेन, मोबाइल, नकद रुपये, एक तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
Also Read: पानीपत-खटीमा हाईवे पर भीषण हादसा: खड़े कैंटर से टकराई कार, 4 युवकों की मौके पर मौत

