लखनऊ में बेखौफ बदमाश: रेस्टोरेंट में घुसकर रिटायर्ड एयरफोर्स अफसर को मारी गोली, CCTV खंगाल रही पुलिस

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे सार्वजनिक स्थानों पर भी वारदात करने से नहीं हिचक रहे हैं। ताजा मामला सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र का है, जहाँ ‘शॉपिंग स्क्वायर’ स्थित एक रेस्टोरेंट में घुसकर बदमाशों ने रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी अवधेश कुमार पाठक को गोली मार दी।

रेस्टोरेंट में घुसकर किया हमला

रिटायर्ड अफसर अवधेश पाठक अपनी पत्नी के साथ मिलकर इस रेस्टोरेंट का संचालन करते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बेखौफ हमलावर रेस्टोरेंट के भीतर दाखिल हुए और सीधा अवधेश पाठक पर फायरिंग कर दी।

गोली लगने से वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। उन्हें आनन-फानन में पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

दबंगों के आगे पस्त कानून व्यवस्था?

लखनऊ में पिछले कुछ दिनों में हुई वारदातों ने पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिटायर्ड अधिकारी पर हमले से पहले भी शहर में दबंगई की एक भयावह तस्वीर सामने आई थी। अभी हाल ही में विभूति खंड क्षेत्र में दबंगों ने एक कारोबारी, पवन पटेल, पर थार कार चढ़ाकर उन्हें कुचलने की कोशिश की थी।

क्या था मामला?

पीड़ित के मुताबिक, समिट बिल्डिंग के पास पार्किंग में विवाद के दौरान थार सवार युवकों ने उनके दोस्त की चेन छीनने की कोशिश की और विरोध करने पर कारोबारी के दोनों पैरों पर गाड़ी चढ़ा दी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार तो किया, लेकिन ऐसी घटनाओं ने आम जनता में असुरक्षा का भाव भर दिया है।

एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा करते हैं, वहीं राजधानी के पॉश इलाकों में इस तरह सरेआम फायरिंग और जानलेवा हमले होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है।

Also Read: यूपी में मौसम का यू-टर्न: बारिश और ओलों के बाद फिर ठिठुरा प्रदेश, कोहरे की चादर में लिपटे कई शहर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.