Lucknow News: पुलिस चौकी में घुसकर चौकीदार और SI से मारपीट, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पारा कोतवाली क्षेत्र की डॉ. खेड़ा चौकी में गुरुवार देर रात कुछ लोगों ने घुसकर जमकर बवाल काटा। आरोपियों ने चौकीदार और एक सब-इंस्पेक्टर के साथ मारपीट की, सरकारी सामान तोड़ा और पैसे छीन लिए।

यह घटना रात करीब 1:30 बजे हुई। आरोपी अजय गोस्वामी अपने भाई मनोज गोस्वामी के साथ चौकी में घुसा और चौकीदार लाल बहादुर के साथ मारपीट करने लगा। इसके बाद उन्होंने खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए, सरकारी कागजात फाड़ दिए और चौकी में लगे एसी व फर्नीचर को भी नुकसान पहुँचाया। जब चौकी इंचार्ज राजकुमार मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और उनकी जेब से 1300 रुपये छीन लिए।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रात करीब 3 बजे मुख्य आरोपी अजय गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया। उसका भाई मनोज अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने छीने गए 1300 रुपये भी बरामद कर लिए हैं। शुक्रवार सुबह आरोपी के परिवार वालों ने थाने में हंगामा शुरू कर दिया। इस पर पुलिस ने अजय के पिता नन्द किशोर, बहनोई कुणाल मिश्रा, पत्नी मिथलेश और बहन कमलेश गोस्वामी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया।

इस घटना के बाद पुलिस के उच्चाधिकारियों ने चौकी का दौरा किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Also Read: कांग्रेस के बीड़ी वाले बयान पर भड़के खान सर, बोले- नेताओं को महज 99 रुपये में राजनीति पढ़ा देंगे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.