लखनऊ: लोहिया अस्पताल में मरीजों के परिजनों को मिलेगी राहत, 24.86 करोड़ से बनेगा भव्य रैन बसेरा
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में अब दूर-दराज से आने वाले तीमारदारों को खुले आसमान के नीचे या फुटपाथ पर रातें नहीं काटनी पड़ेंगी। शहीद पथ स्थित मातृ एवं शिशु रेफरल अस्पताल परिसर में मंगलवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एक आधुनिक रैन बसेरा (PRA भवन) का भूमि पूजन और शिलान्यास किया।

510 बेड की क्षमता, फाइव स्टार सुविधाएं
लगभग 24.86 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह रैन बसेरा किसी बड़े होटल से कम नहीं होगा। इसमें ठहरने वालों के लिए निम्नलिखित सुविधाएं होंगी।
कुल 510 बेड की व्यवस्था होगी, जिसमें 45 कमरों में 90 बेड और बड़ी डॉरमेटरी में 420 बेड शामिल हैं। भवन में आधुनिक रसोई, डाइनिंग हॉल, लॉन्ड्री, दो लिफ्ट और स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है।
डिप्टी सीएम ने बताया कि इसका उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले गरीब परिजनों को सुरक्षित और सम्मानजनक स्थान देना है।

जांच के लिए अब भाग-दौड़ खत्म
भूमि पूजन के साथ ही राज्यपाल ने अस्पताल में नई डायग्नोस्टिक सेवाओं का भी उद्घाटन किया। अब तक मातृ एवं शिशु अस्पताल के मरीजों को सीटी स्कैन, एमआरआई और अल्ट्रासाउंड जैसी जांचों के लिए दूसरे कैंपस या बाहर जाना पड़ता था। अब ये सारी सुविधाएं इसी छत के नीचे उपलब्ध होंगी, जिससे गंभीर मरीजों के इलाज में देरी नहीं होगी।
भविष्य की योजनाएं: 1000 बेड का नया अस्पताल
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भविष्य के विजन को साझा करते हुए बताया कि शहीद पथ कैंपस में 1000 बेड के ब्रॉड स्पेशिलिटी अस्पताल की मंजूरी मिल गई है। 100 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक तेजी से बन रहा है। छात्रों के लिए 888 कमरों का हॉस्टल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और नर्सिंग कॉलेज का काम भी प्रगति पर है।
कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, संस्थान के निदेशक प्रो. सीएम सिंह और अन्य वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।
Also Read: ‘यूपी के अफसरों को अब 10 मिनट में करना होगा कॉल बैक’, ‘संवाद सेतु’ से दूर होगी विधायकों की नाराजगी


