चारबाग स्टेशन पर महिला सैन्य अफसर से कैब ड्राइवर ने की छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

Lucknow News: लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर महिला सैन्य अधिकारी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाराबंकी के रामनगर निवासी कैब चालक सआदत अली ने महिला सैन्य अधिकारी की ओर आपत्तिजनक इशारा किया। महिला अधिकारी अपने पति के साथ ट्रेन से लखनऊ पहुंची थीं।

बताया गया कि प्लेटफार्म नंबर 6 और 7 के बीच बने पुल के आगे कैब चालक महिला अधिकारी के पास पहुंचा। उनके पति ने उसे पकड़ लिया। आरोपी के भागने की आशंका पर महिला अधिकारी ने भी उसे नीचे गिराकर पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी।

वीडियो और CCTV से जांच

पुलिस आरोपी को थाने ले गई और बाद में जीआरपी के हवाले कर दिया। मंगलवार शाम घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जीआरपी इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह के मुताबिक सआदत अली के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई है।

महिला वकील का पीछा करने वाला गिरफ्तार

उधर, गाजीपुर पुलिस ने महिला वकील का करीब एक किलोमीटर तक कार से पीछा करने के आरोपी मो. तालिब को गिरफ्तार किया है। इंदिरा नगर के शादात रसूलपुर निवासी तालिब बैटरी बेचने का काम करता है। पुलिस ने उसे घर से पकड़ा और उसकी कार भी बरामद की।

महिला वकील ने आरोप लगाया था कि पॉलीटेक्निक चौराहे से कमता के बीच तालिब ने उनका पीछा किया और बार-बार कार में बैठने का इशारा किया। उन्होंने मना किया और बताया कि वह आरोपी को जानती तक नहीं हैं। कार नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया गया था।

Also Read: Lucknow News: बेहता नाले में डूबा किसान, छह घंटे बाद मिला किसान का शव 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.