Lucknow: सपा नेता के खिलाफ हजरतगंज थाने में दर्ज हुई FIR, 27 लाख की ठगी का है मामला

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में फ्लैट दिलाने के नाम पर एक महिला से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने समाजवादी पार्टी (सपा) के एक नेता और उसके दो साथियों पर 27 लाख रुपये की धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। हजरतगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सपा नेता और रियल एस्टेट कारोबारी पर गंभीर आरोप

डालीबाग निवासी रुमाना सिद्दीकी, जो उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग की पूर्व सदस्य रह चुकी हैं, ने सपा नेता सउद मुशीर और उसके सहयोगियों फहद बख्श व जावेद बख्श के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। रुमाना के अनुसार, साल 2016 में उनकी मुलाकात ठाकुरगंज के जरनैलगंज निवासी सउद मुशीर से हुई थी। सउद ने खुद को समाजवादी पार्टी का प्रदेश सचिव बताते हुए रुमाना को कल्याणपुर रिंग रोड के पास स्थित एक आवासीय प्रोजेक्ट में फ्लैट दिलाने की बात कही।

फ्लैट की बुकिंग और 27 लाख का भुगतान

सउद की बातों पर भरोसा कर रुमाना ने एक फ्लैट बुक कराया जिसकी कीमत 31 लाख रुपये बताई गई। रुमाना का कहना है कि उन्होंने किश्तों में कुल 27 लाख रुपये सउद को दे दिए। लेकिन तय समय पर न तो उन्हें फ्लैट मिला और न ही पैसे लौटाए गए।

जब पीड़िता रुमाना ने फ्लैट या पैसे की मांग को लेकर सउद से जवाब मांगा तो वह टालमटोल करता रहा। बाद में आरोपी ने खुद को कुख्यात अपराधी मुख्तार अंसारी के गिरोह का सदस्य बताते हुए डराने की कोशिश की। आरोप है कि सउद और उसके साथी फहद व जावेद ने महिला को गोली मारने की धमकी तक दे डाली।

फर्जी निर्माण और अन्य को भी बेचे फ्लैट

जब रुमाना ने पूरे मामले की पड़ताल शुरू की, तो पता चला कि फ्लैट जिस प्रोजेक्ट में बुक कराया गया था, वह बिना किसी अधिकृत मानचित्र पास कराए बनाया गया था। इतना ही नहीं, उसी फ्लैट को कई अन्य लोगों को भी बेच दिया गया, जिससे कानूनी विवाद खड़ा हो गया है।

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी

हजरतगंज थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि रुमाना सिद्दीकी की शिकायत पर सउद मुशीर, फहद बख्श और जावेद बख्श के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सभी संबंधित दस्तावेजों और लेनदेन की पड़ताल की जा रही है।

Also Read: लखनऊ में चोरी के बड़े गिरोह का भंडाफोड़, मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, 8 गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.