लखनऊ: पूर्व सैनिक को सड़क पर लातों से रौंदा, बीजेपी नेताओं पर गुंडागर्दी का आरोप, Video
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कुर्सी रोड इलाके में सरेराह गुंडागर्दी का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। आरोप है कि बीजेपी नेता और महानगर संयोजक चेतन बिष्ट ने पूर्व मंडल अध्यक्ष केपी सिंह के साथ मिलकर एक पूर्व सैनिक पूरन सिंह अधिकारी की बेरहमी से पिटाई कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नेताओं ने फौजी को सड़क पर गिराकर लातों से रौंदा, जिससे इलाके में तनाव और रोष का माहौल है।
वर्दी का सम्मान भूला सत्ता का नशा?
एक तरफ जहां देश में फौजियों और पूर्व सैनिकों को ‘राष्ट्र का गौरव’ बताकर सम्मानित किया जाता है, वहीं लखनऊ की सड़कों पर सत्ता से जुड़े रसूखदार नेताओं द्वारा एक पूर्व सैनिक के साथ इस तरह का व्यवहार चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे हैं कि क्या नेताओं के लिए राष्ट्रवाद और वर्दी का सम्मान सिर्फ भाषणों तक सीमित है?
सत्ता के संरक्षण में बेखौफ ‘माननीय’
कुर्सी रोड पर हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप लग रहे हैं कि सत्ता के संरक्षण के चलते इन नेताओं के मन से कानून का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है। एक आम नागरिक और खासकर देश की सीमा पर सेवा कर चुके फौजी पर इस तरह का हमला न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इंसानियत को भी शर्मसार करने वाला कृत्य है।
जनता में भारी आक्रोश
घटना के बाद से स्थानीय लोगों और पूर्व सैनिक संगठनों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सत्ता की कुर्सी का अहंकार इस कदर सिर चढ़कर बोल रहा है कि अब देश की रक्षा करने वाले भी सुरक्षित नहीं हैं। सोशल मीडिया पर इस मारपीट से जुड़ी चर्चाएं तेज हैं और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Also Read: करोड़ों की ‘डिजिटल’ डकैती: लखनऊ में 3.79 करोड़ की ठगी करने वाला शातिर शोभित गिरफ्तार

