लखनऊ: ‘फ्री फायर’ गेम से शुरू हुई दोस्ती, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के गोसाईगंज थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान वंश रावत के रूप में हुई है, जिससे पीड़िता की मुलाकात एक ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए हुई थी।

ऑनलाइन गेम के जरिए हुई थी जान-पहचान

पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, करीब 20 वर्षीय पीड़िता की जान-पहचान वर्ष 2022 में “फ्री फायर” (Free Fire) ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान वंश रावत (निवासी ग्राम जमालपुर कुर्मियान) से हुई थी। आरोप है कि इसके बाद अभियुक्त ने पीड़िता को शादी का झांसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने कई बार आरोपी से शादी करने का आग्रह किया, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा। अंत में जब आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, तब पीड़िता ने कानून की शरण ली।

पुलिस की कार्रवाई

गोसाईगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त वंश रावत (उम्र 18 वर्ष) को उसके आवास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 (शादी का झांसा देकर यौन शोषण) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

Also Read: हिडमा के बाद 1 करोड़ का इनामी गणेश उइके ढेर, अमित शाह बोले- मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त होगा भारत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.