Lucknow News: फर्जी वेबसाइट से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार
क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के बहाने लाखों की धोखाधड़ी, 25 मोबाइल और लैपटॉप बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने एक बड़े साइबर धोखाधड़ी गैंग का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने या बीमा का लालच देकर लाखों की ठगी करता था। पुलिस ने इस मामले में दिल्ली से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कैसे देते थे धोखाधड़ी को अंजाम?
सरोजनीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने इस गिरोह का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, ये अपराधी बैंक के नाम से एक नकली वेबसाइट या ऐप बनाते थे। इसके बाद लोगों को फोन करके क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने या किसी बीमा प्लान के एक्टिवेट होने का झांसा देते थे। जब लोग उनके झांसे में आ जाते थे, तो ये उन्हें एक लिंक भेजकर क्रेडिट कार्ड की जानकारी और ओटीपी भरने को कहते थे। जैसे ही उन्हें ओटीपी मिलता था, वे क्रेडिट कार्ड से ऑनलाइन शॉपिंग कर लेते थे, ज्यादातर महंगे मोबाइल फोन ऑर्डर करते थे। बाद में इन मोबाइल को कम दामों पर बेच दिया जाता था।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
यह मामला तब सामने आया जब 24 जून 2025 को जितेंद्र कुमार नाम के एक व्यक्ति ने सरोजनीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन करके उनके क्रेडिट कार्ड की जानकारी ली और 1,60,432 रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली। इस शिकायत के बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की और आखिरकार दिल्ली से दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की।

भारी मात्रा में डिजिटल सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों, राहुल लखेड़ा और विकास कुमार के पास से 25 मोबाइल फोन, 24 सिमकार्ड, एक लैपटॉप, 41,250 रुपये नकद और एक राउटर बरामद किया है। इन आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। पुलिस ने बताया कि इन लोगों ने इस तरह की कई ठगियों को अंजाम दिया है। इस सफलता के लिए पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) ने पुलिस टीम को 25,000 रुपये का नकद इनाम भी दिया है।
Also Read: Lucknow News: आशियाना पुलिस को मिली बड़ी सफलता, चोरी के मास्टरमाइंड…

