लखनऊ गैंगरेप केस: पुलिस ने 24 घंटे में दो आरोपी दबोचे, एक के पैर में लगी गोली, 3 की तलाश जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ पुलिस ने एक नाबालिग दलित छात्रा से गैंगरेप के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी को देर रात पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया, जबकि दूसरे को शाम को ही गिरफ्तार कर लिया गया था।

मुठभेड़ में पकड़ा गया मुख्य आरोपी

देर रात हुई मुठभेड़ में पकड़े गए आरोपी की पहचान ललित कश्यप के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ललित कश्यप अपने एक साथी के साथ बाइक पर जा रहा था। पुलिस ने जब उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने भागने का प्रयास किया। जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह पकड़ा गया। हालांकि, उसके साथ बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने शाम को गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी का नाम मिराज बताया है।

डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने पुष्टि की है कि गैंगरेप के इस मामले में कुल पांच आरोपी नामजद किए गए हैं, जिनमें से ललित और मिराज को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी तीन आरोपियों की तलाश जारी है।

क्या है पूरा मामला?

बंथरा इलाके की 17 वर्षीय दलित छात्रा शनिवार दोपहर अपनी डिलीवरी हुई बहन से मिलने के लिए निकली थी। पुलिस के मुताबिक, वह मोहान रोड स्थित हरौनी पेट्रोल पंप के पास एक आम के बाग में अपने परिचित युवक के साथ बैठी थी। तभी पांच अज्ञात युवक वहां पहुंचे और दोनों को धमकाने लगे।

विरोध करने पर आरोपियों ने छात्रा के परिचित को पीटकर भगा दिया और फिर पांचों ने छात्रा के साथ बारी-बारी से गैंगरेप किया। आरोपियों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी थी। घटना के बाद छात्रा ने तुरंत अपने बहनोई को सूचना दी, जिसके बाद हरौनी पुलिस चौकी में मामला दर्ज कराया गया।

पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने छोटू, बाबू, ललित और विशाल नामक युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने नशे की हालत में इस वारदात को अंजाम दिया था। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

Also Read: महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर सस्पेंस, तेजस्वी और राहुल के बीच आज दिल्ली में अहम मुलाकात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.